KNEWS DESK- सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के ताजा विश्लेषण में दिल्ली के दिवाली प्रदूषण को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। CREA के मुताबिक, दिवाली के दिन कई मॉनिटरिंग स्टेशनों से PM2.5 की रीडिंग गायब रहने के कारण शहर का औसत प्रदूषण स्तर वास्तविक आंकड़े से 49 प्रतिशत तक कम दर्ज हुआ हो सकता है।
अगर गायब रीडिंग को 1000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर माना जाता, तो दिल्ली का औसत PM2.5 स्तर 269 से बढ़कर करीब 400 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच सकता था।
1000 माइक्रोग्राम की सीमा पर अटका सिस्टम
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, उसके मॉनिटरिंग सिस्टम 1000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पार्टिकुलेट मैटर मापने के लिए सेट थे। दिवाली की रात कई स्टेशनों पर प्रदूषण इससे ऊपर पहुंच गया, जिसके चलते कई घंटों तक ऊंची रीडिंग दर्ज नहीं हो सकी। CPCB ने बताया कि इन रीडिंग को औसत AQI में शामिल नहीं किया गया।
कई स्टेशनों पर 2000 से ऊपर PM2.5
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के 43 स्टेशनों के आंकड़ों में दिवाली की रात PM2.5 का स्तर 1000 माइक्रोग्राम से ऊपर पहुंचा। कम से कम 11 स्थानों पर प्रति घंटे की रीडिंग 2000 और चार जगहों पर 3000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक रही।
CREA के अनुसार, 400 माइक्रोग्राम के स्तर को शामिल किया जाता तो शहर का AQI 344 से बढ़कर गंभीर श्रेणी के करीब पहुंच सकता था। हालिया विश्लेषण में 8 नवंबर शाम 4 बजे से 9 नवंबर शाम 4 बजे तक 59 स्टेशनों के 1416 घंटे के डेटा का अध्ययन किया गया।