KNEWS DESK- अलीगढ़ में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह के 14 नवंबर को तालानगरी में होने वाले सगाई समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह में एक हजार से अधिक वीवीआईपी मेहमानों और करीब एक लाख आमंत्रित लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
बुधवार को एसपी सिटी आदित्य बंसल ने तालानगरी पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के लिए अन्य जिलों से भी पुलिसकर्मियों की मांग की गई है।
700 पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती
समारोह में करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारियों को भी ड्यूटी के लिए बुलाया जा रहा है। आसपास के स्कूलों और अन्य खाली स्थानों को पार्किंग स्थल बनाया गया है। वीवीआईपी मेहमानों को पार्किंग से सगाई स्थल तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।
100 बीघा में तैयार हो रहा पंडाल
रामघाट रोड स्थित संत फिदेलिस स्कूल के पास प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। करीब 100 बीघा क्षेत्र में पंडाल तैयार किया जा रहा है। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश सरकार के 25 से अधिक मंत्रियों और 100 से ज्यादा विधायकों के पहुंचने का अनुमान है। केंद्रीय मंत्रियों और अन्य राज्यों के कई मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है।
ऐसे में पुलिस के सामने वीवीआईपी सुरक्षा के साथ बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने की चुनौती होगी। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।