रवि किशन के वायरल ‘Money Follows My Brother’ मीम पर बनेगा गाना, 11 सितंबर को होगा रिलीज

Knews Desk – भोजपुरी सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता रवि किशन इन दिनों अपने वायरल मीम्स को लेकर खूब चर्चा में हैं। उनके डांस स्टेप्स से लेकर पॉडकास्ट में कही गई बातें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। इनमें उनका ‘Money Follows My Brother’ वाला डायलॉग सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा। अब इसी वायरल लाइन पर एक ऑफिशियल गाना तैयार किया गया है।

टी-सीरीज ‘Money Follows My Brother’ नाम से यह गाना रिलीज करने जा रही है। गाने का टीजर भी सामने आ चुका है, जिसमें रवि किशन खुद नजर आ रहे हैं और अपना वायरल डायलॉग बोलते दिखाई देते हैं। टीजर के साथ गाने की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है। यह गाना 11 सितंबर को रिलीज होगा।

मीम पर बना गाना

गाने के टीजर में एक मां अपने बेटे से पढ़ाई में बिल्कुल दिलचस्पी नहीं लेने पर सवाल करती नजर आती है। इसके बाद बेटा रवि किशन की आवाज पर लिप-सिंक करते हुए कहता है, “पूरे देश को पगला दूंगा, अभी कुछ पेश किया है, सुनो।”

इसके बाद स्क्रीन पर रवि किशन दिखाई देते हैं और उनका वायरल ‘Money Follows My Brother’ डायलॉग सुनाई देता है। रवि किशन ने भी इस टीजर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “पूरे देश को पगलाने आ रहा हूं मनी फॉलोज माई ब्रदर 11 सितंबर को रिलीज हो रहा है।”

https://www.instagram.com/reels/DdA7_4QArCV/

गाने का ऐलान होते ही सोशल मीडिया पर फैंस के मजेदार रिएक्शन आने लगे। एक यूजर ने लिखा कि रवि किशन ने उनकी रील्स देख ली हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि रवि किशन अपने मीम्स को खूब एन्जॉय कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा कि आपदा को अवसर में बदलना कोई रवि किशन से सीखे।

कैसे वायरल हुआ था ‘Money Follows My Brother’?

दरअसल, एक पॉडकास्ट के दौरान रवि किशन से पूछा गया था कि वह पहचान और पैसा, दोनों में से किसे ज्यादा महत्व देते हैं। इसके जवाब में उन्होंने कहा था कि उनके लिए पहचान ज्यादा महत्वपूर्ण है और इसके बाद उनका चर्चित डायलॉग आया, “Money follows my brother, money follows!”

रवि किशन की यह बात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इसके बाद इस लाइन पर बड़ी संख्या में मीम्स और रील्स बनने लगे। अब टी-सीरीज ने इसी वायरल मोमेंट को गाने में बदल दिया है, जिसे लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *