Knews Desk – दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 5 मंजिला इमारत गिरने के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को इस मामले में चौथी गिरफ्तारी की है। हादसे के बाद अवैध रूप से PG संचालित करने वाले ‘Hostel Daze’ के ऑपरेटर सुधांशु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसका बिजनेस पार्टनर शुभम त्यागी अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस की पूछताछ में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी महेश से कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। महेश ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2025 में उसने पांच मंजिला इमारत को दो बिजनेस पार्टनर्स शुभम त्यागी और सुधांशु को लीज पर दिया था। दोनों इसी भवन में ‘Hostel Daze’ नाम से लड़कों का PG चला रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, PG संचालक दोनों पार्टनर इमारत के लिए हर महीने 1 लाख 5 हजार रुपये किराया देते थे। महेश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, फरार शुभम त्यागी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
इस हादसे में अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत के दौरान पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई थी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक हरिराम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया था। इसके अलावा महेश और अब PG ऑपरेटर सुधांशु समेत कुल चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास की असुरक्षित इमारतों को लेकर भी सख्ती शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली नगर निगम ने हादसे वाली जगह के पास मौजूद एक जर्जर और खतरनाक इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में MCD की टीम ने बुलडोजर से असुरक्षित ढांचे को ढहाना शुरू किया।
प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का मकसद आसपास मौजूद खतरनाक इमारतों से भविष्य में होने वाले किसी संभावित हादसे को रोकना है।