KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी की छात्र इकाई समाजवादी छात्र सभा में लागू किए गए नए ड्रेस कोड को लेकर पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। छात्र संगठन के सदस्यों के लिए नीले रंग की यूनिफॉर्म तय किए जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि नए यूनिफॉर्म के साथ एक नई शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म छात्रों के बीच समानता और एकरूपता का भाव पैदा करता है।
अखिलेश यादव ने छात्र सभा के कार्यक्रम के दौरान कहा कि पार्टी अब नई पीढ़ी के छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत दो सप्ताह के छात्र जागरूकता अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान के दौरान कॉलेज, विश्वविद्यालय और हॉस्टल में जाकर छात्रों से बातचीत की जाएगी और उनकी समस्याओं तथा विचारों को समझने की कोशिश होगी।
Gen Z और Gen Alpha से संवाद पर जोर
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी छात्र सभा के जरिए Gen Z और Gen Alpha के युवाओं के बीच पहुंच बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नौजवानों को संगठन और राजनीति से जोड़ना जरूरी है। युवाओं के विचारों और सुझावों को पार्टी के आगामी घोषणापत्र में भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य युवाओं के साथ मिलकर नए भारत के निर्माण की दिशा में काम करना है। अखिलेश ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी ऑक्सफोर्ड और कैंब्रिज जैसे संस्थानों के छात्र संघों से सीखने की कोशिश करेगी कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत कैसे किया जा सकता है।
PDA को लेकर भी अखिलेश ने दिया नया मतलब
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने पार्टी के चर्चित PDA फॉर्मूले को भी अलग अंदाज में समझाया। उन्होंने कहा कि PDA का मतलब प्रेम, दया और अपनापन भी हो सकता है। उनका कहना था कि पार्टी नई पीढ़ी के युवाओं को अपने साथ जोड़ने का प्रयास करेगी और उनके साथ संवाद बढ़ाएगी।
नीले रंग को लेकर क्या बोले अखिलेश?
समाजवादी पार्टी की पहचान लंबे समय से लाल टोपी और लाल रंग से जुड़ी रही है। हालांकि, 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के राजनीतिक मंच पर नीले रंग की मौजूदगी बढ़ती दिखाई दे रही है। नीली टी-शर्ट के ड्रेस कोड पर अखिलेश यादव ने कहा कि नीले रंग को बहुजन समाज और बाबा साहेब से जोड़कर देखना अच्छी बात है। उन्होंने नीले रंग को विचारधारा, वर्कफोर्स और नई पीढ़ी से जोड़ते हुए कहा कि यह नई पीढ़ी का रंग भी है।
छात्र सभा में लागू हुआ नीला ड्रेस कोड
रिपोर्ट्स के मुताबिक, समाजवादी छात्र सभा के सदस्यों के लिए अब नीले रंग का ड्रेस कोड लागू किया गया है। इसमें नीली कमीज और पतलून या नीली जींस के साथ नीली टी-शर्ट पहनने का विकल्प दिया गया है।
राजनीतिक तौर पर देखें तो यह बदलाव केवल ड्रेस कोड तक सीमित नहीं माना जा रहा। उत्तर प्रदेश की राजनीति में रंगों का सामाजिक और राजनीतिक प्रतीक के तौर पर खास महत्व रहा है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले छात्र संगठन में नीले रंग को प्रमुखता देना समाजवादी पार्टी की नई पीढ़ी और व्यापक सामाजिक समूहों तक पहुंच बनाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में अब 100 दिन से कम समय बचा है। ऐसे में पार्टी छात्र और युवा वर्ग के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में जुटी है।