knews desk – घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. सरकार ने LPG सिलेंडर की दोबारा बुकिंग को लेकर लागू नियम में बदलाव कर दिया है. अब देशभर में शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों के ग्राहक 25 दिन के अंतर के बाद अपना अगला घरेलू गैस सिलेंडर बुक कर सकेंगे.
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोमवार, 7 सितंबर 2026 को सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम को इस व्यवस्था को पूरे देश में समान रूप से लागू करने का निर्देश दिया है. नया नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.
पहले ग्रामीण ग्राहकों को करना पड़ता था 45 दिन इंतजार
दरअसल, फरवरी 2026 में पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद LPG की सप्लाई पर दबाव बढ़ गया था. इस दौरान गैस सिलेंडर की बढ़ती मांग को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने दो बुकिंग के बीच न्यूनतम अंतर तय किया था.

उस समय शहरी ग्राहकों के लिए 25 दिन, जबकि ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों के लिए 45 दिन बाद ही अगला LPG सिलेंडर बुक करने की व्यवस्था की गई थी. यह व्यवस्था उस समय अस्थायी तौर पर लागू की गई थी.
अब शहर और गांव में एक जैसा नियम
अब LPG की सप्लाई पहले की तुलना में बेहतर होने और बुकिंग का बैकलॉग कम होने के बाद सरकार ने शहरी और ग्रामीण ग्राहकों के बीच बुकिंग अंतर का फर्क खत्म कर दिया है.
नए नियम के तहत अब देशभर के सभी घरेलू LPG ग्राहकों के लिए अगला सिलेंडर बुक करने का अंतर 25 दिन होगा. इसका सबसे ज्यादा फायदा ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों को मिलेगा, जिन्हें पहले अगली बुकिंग के लिए 45 दिन तक इंतजार करना पड़ता था.
यानी अब अगर आपने घरेलू LPG सिलेंडर बुक किया है, तो अगला सिलेंडर बुक करने के लिए 25 दिन का अंतर पूरा होना जरूरी होगा. सरकार के इस फैसले से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के ग्राहकों के लिए बुकिंग व्यवस्था एक समान हो गई है.