KNEWS DESK- जन्माष्टमी के त्योहार पर भगवान श्रीकृष्ण को तरह-तरह के पकवान और मिठाइयों का भोग लगाया जाता है. घर में मिठाई बनाने की बात हो तो अक्सर मावा, दूध और कई तरह की सामग्री की जरूरत पड़ती है, जिसकी वजह से तैयारी में काफी समय लग सकता है. लेकिन अगर आप कुछ आसान, स्वादिष्ट और जल्दी तैयार होने वाली मिठाई बनाना चाहते हैं, तो मूंगफली की बर्फी जरूर ट्राई कर सकते हैं.

मूंगफली से बनने वाली यह बर्फी स्वाद में शानदार होती है और इसे तैयार करने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की आवश्यकता भी नहीं होती. जन्माष्टमी पर इसे कान्हा को भोग लगाने के साथ परिवार के लोगों को भी परोसा जा सकता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि.
मूंगफली की बर्फी के लिए सामग्री
- कच्ची मूंगफली- 2 कप यानी करीब 250 ग्राम
- काजू- 8 से 10
- चीनी- 1 कप
- पानी- 1/2 कप
- हरी इलायची पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
- देसी घी- 1 छोटा चम्मच
- बादाम और पिस्ता- 2 बड़े चम्मच
कैसे बनाएं मूंगफली की बर्फी?
मूंगफली को भूनें
सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही में मूंगफली डालें और धीमी आंच पर करीब 7 से 8 मिनट तक सूखा भूनें. जब मूंगफली के छिलके आसानी से निकलने लगें तो गैस बंद कर दें.
छिलके हटाएं
भुनी हुई मूंगफली को एक साफ कपड़े में रखें और हल्के हाथ से रगड़ें. इससे मूंगफली के छिलके आसानी से अलग हो जाएंगे.
मूंगफली और काजू पीसें
अब छिली हुई मूंगफली और काजू को मिक्सी में डालें. इसे लगातार पीसने के बजाय 2 से 3 सेकेंड के लिए पल्स मोड पर चलाएं. ध्यान रखें कि मूंगफली का पेस्ट न बने. तैयार मिश्रण को छलनी से छान लें.
तैयार करें चाशनी
एक कड़ाही में चीनी और आधा कप पानी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं. चीनी के पूरी तरह घुलने के बाद इसे तब तक पकाएं जब तक एक तार की चाशनी तैयार न हो जाए.
मिश्रण को पकाएं
चाशनी तैयार होने पर गैस की आंच धीमी कर दें. इसमें मूंगफली-काजू का पाउडर, इलायची पाउडर और एक चम्मच देसी घी डालें. मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि इसमें गुठलियां न पड़ें.
बर्फी को सेट करें
मिश्रण को धीमी आंच पर करीब 3 से 4 मिनट तक पकाएं. जब यह कड़ाही का तला छोड़ने लगे और एक जगह इकट्ठा होने लगे, तो गैस बंद कर दें. अब एक थाली या बर्फी ट्रे में हल्का सा घी लगाएं और तैयार मिश्रण को उसमें डालकर अच्छी तरह फैला दें. ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर हल्के हाथ से दबा दें.
काटकर लगाएं भोग
बर्फी को करीब 20 से 30 मिनट तक ठंडा होने दें. जब यह अच्छी तरह सेट हो जाए तो चाकू की मदद से मनचाहे आकार में काट लें.
बस तैयार है स्वादिष्ट मूंगफली की बर्फी. जन्माष्टमी पर इसे कान्हा को भोग लगाएं और परिवार के साथ इस आसान मिठाई का स्वाद लें.