तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और उनके भाई अकबरुद्दीन ओवैसी की देशभक्ति की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और देशभक्ति के मामले में ओवैसी भाई किसी से पीछे नहीं हैं।
KNews Desk: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। हैदराबाद में एक जनसभा के दौरान सीएम रेवंत रेड्डी ने ओवैसी और उनके छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी की देशभक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर वह पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकते हैं कि असदुद्दीन ओवैसी देशभक्ति के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से कम नहीं हैं।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि जब भी देशभक्ति या देश की सुरक्षा का सवाल आएगा, ओवैसी भाई पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान असदुद्दीन ओवैसी सैनिकों के समर्थन में आयोजित रैली में कांग्रेस नेताओं के साथ शामिल हुए थे और उन्होंने अभियान में शामिल जवानों की सलामती के लिए दुआ भी की थी।
‘ओवैसी भाइयों की देशभक्ति पर सवाल नहीं उठाया जा सकता’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने असदुद्दीन और अकबरुद्दीन ओवैसी को देश विरोधी बताया था, लेकिन वह इस बात से सहमत नहीं हैं। उनके मुताबिक दोनों भाइयों की देशभक्ति पर सवाल उठाने की कोई वजह नहीं है।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि राजनीतिक मुद्दों पर नेताओं के विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन देश की सुरक्षा और देशभक्ति की बात आने पर ओवैसी भाइयों को लेकर किसी को उंगली नहीं उठानी चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि देश की रक्षा के लिए दोनों हमेशा आगे रहेंगे।
ओवैसी ने भी रेवंत रेड्डी की तारीफ की
कार्यक्रम में मौजूद असदुद्दीन ओवैसी ने भी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का समर्थन किसी राजनीतिक दल के बजाय रेवंत रेड्डी के नेतृत्व को है। ओवैसी ने मुख्यमंत्री से अपने तरीके से सरकार चलाने और तेलंगाना के विकास पर ध्यान देने की अपील की।
ओवैसी ने कहा कि वह चाहते हैं कि रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में हैदराबाद और तेलंगाना तेजी से आगे बढ़े। उन्होंने यह भी कहा कि देश में जिस तरह की सांप्रदायिक सोच दिखाई दे रही है, वह तेलंगाना में नहीं बढ़नी चाहिए। साथ ही उन्होंने पुराने शहर में चल रहे विकास कार्यों को जल्द पूरा करने का आग्रह किया।
सैदाबाद स्टील फ्लाईओवर के उद्घाटन में साथ नजर आए दोनों नेता
रेवंत रेड्डी और असदुद्दीन ओवैसी सैदाबाद स्टील फ्लाईओवर के उद्घाटन कार्यक्रम में एक साथ पहुंचे थे। यह फ्लाईओवर नलगोंडा एक्स-रोड से संतोष नगर स्थित ओवैसी जंक्शन तक बनाया गया है।
इस दौरान रेवंत रेड्डी ने कहा कि चुनाव के दौरान AIMIM नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कांग्रेस को हराने की कोशिश की होगी, लेकिन चुनावी राजनीति में इस तरह की बातें होती रहती हैं।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विपक्षी BRS और BJP पर मूसी कायाकल्प परियोजना में अड़चन पैदा करने का आरोप भी लगाया।