बेंगलुरु में महंगाई का झटका, 15% तक बढ़े होटल मेन्यू के दाम

KNEWS DESK- बेंगलुरु में बढ़ती महंगाई का असर अब होटल उद्योग पर भी साफ दिखाई देने लगा है। चावल, दूध, दही और दालों समेत रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली कई खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ने के बाद शहर के कई होटलों ने अपने मेन्यू के दाम बढ़ा दिए हैं। अलग-अलग होटल में कीमतों में बदलाव अलग-अलग है, लेकिन कई जगहों पर मेन्यू आइटम्स के रेट में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे बाहर खाना खाने वाले लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

बृहत् बेंगलुरु होटलियर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पीसी राव ने बताया कि पिछले एक महीने में चावल की कीमत 65 रुपये प्रति किलो से बढ़कर कुछ जगहों पर 95 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इसके अलावा दालों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। दूध और दही के महंगे होने से होटल कारोबारियों की लागत और बढ़ गई है। होटल मालिकों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत के बीच कारोबार को नुकसान से बचाने के लिए मेन्यू की कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो गया है।

बेंगलुरु के कई होटलों में चाय और कॉफी के दाम भी बढ़ाए गए हैं। इनमें औसतन 3 से 5 रुपये तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है। वहीं, कुछ जगहों पर करीब 100 रुपये में मिलने वाला डोसा अब 110 से 115 रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि, सभी होटलों ने एक समान तरीके से कीमतें नहीं बढ़ाई हैं। कुछ होटल केवल चुनिंदा आइटम्स के दाम बढ़ा रहे हैं।

ग्राहकों ने कीमतों में इस बढ़ोतरी पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि दूध की कीमत में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बावजूद एक कप चाय या कॉफी पर 5 रुपये तक बढ़ाना उचित नहीं लगता। होटल व्यवसायियों का कहना है कि कच्चे माल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण उनके सामने कीमतें बढ़ाने के अलावा सीमित विकल्प बचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *