पूर्व हॉकी कप्तान एमएम सोमैया के घर चोरी, ओलंपिक गोल्ड समेत कई मेडल गायब

KNEWS DESK– भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एमएम सोमैया के बेंगलुरु स्थित घर में चोरी हो गई। चोर उनके ओलंपिक गोल्ड मेडल समेत करीब साढ़े 3 लाख रुपये कीमत का सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। सोमैया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से भी मदद मांगी है।

जानकारी के मुताबिक, 28 अक्टूबर की सुबह न्यू थिप्पासंद्रा इलाके में सोमैया के घर का दरवाजा टूटा मिला। सीसीटीवी फुटेज में दो लोग रात करीब 2:34 बजे घर में घुसते दिखाई दिए। सोमैया और उनका परिवार उस समय घर पर नहीं था। वे 25 अक्टूबर को बेंगलुरु से कोडागु गए थे। चोरों ने 1980 मॉस्को ओलंपिक का गोल्ड मेडल, 1982 नई दिल्ली एशियन गेम्स का सिल्वर, 1986 सियोल एशियन गेम्स का ब्रॉन्ज और 1982 चैंपियंस ट्रॉफी का ब्रॉन्ज मेडल चुरा लिया। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और 30 हजार रुपये नकद भी चोरी हुए।

सोमैया तीन बार के ओलंपियन हैं। उन्होंने 1980, 1984 और 1988 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और 1988 सियोल ओलंपिक में टीम की कप्तानी की थी। उन्हें 1985 में अर्जुन पुरस्कार मिला था। उन्होंने मुख्यमंत्री से पुलिस को मामले में जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने और चोरी हुए पदक व सामान बरामद कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *