KNEWS DESK- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि टोयोटा इस महीने अपनी इनोवा का 100 प्रतिशत बायोएथनल से चलने वाला नया वर्जन लॉन्च करेगी। इसका शुभारंभ 26 नवंबर को किया जाएगा। गडकरी ने ‘पावरिंग द नेक्स्ट माइल’ सम्मेलन में इस नई तकनीक से जुड़े कई अहम पहलुओं की जानकारी दी।
पेट्रोल की जगह पूरी तरह बायोएथनल से चलेगी कार
गडकरी के मुताबिक, टोयोटा की नई इनोवा पेट्रोल के बजाय पूरी तरह बायोएथनल से चलेगी। उन्होंने बताया कि एथनॉल की कीमत करीब 75 रुपये प्रति लीटर है, जबकि पेट्रोल की कीमत करीब 120 रुपये प्रति लीटर है। वाहन चलते समय अपनी लगभग 60 प्रतिशत ऊर्जा बिजली से बनाएगा। इस आधार पर इसकी प्रभावी लागत पेट्रोल के मुकाबले करीब 25 से 30 रुपये प्रति लीटर के बराबर होगी।
वैकल्पिक ईंधन से घटेगा खर्च
गडकरी ने कहा कि इलेक्ट्रिक और वैकल्पिक ईंधन से चलने वाले वाहन उपभोक्ताओं के साथ-साथ देश के लिए भी फायदेमंद होंगे। ऐसे वाहनों से ईंधन खर्च कम करने और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी। उन्होंने वैकल्पिक ईंधन को देश के परिवहन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का भी किया जिक्र
देश में इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए गडकरी ने बताया कि उन्होंने बजाज और टीवीएस के पहले इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का शुभारंभ किया था। उस समय इन वाहनों की रेंज करीब 125 किलोमीटर थी।
उन्होंने बताया कि बाद में कुछ स्टार्टअप ने कीमत कम करने के लिए बैटरी क्षमता घटाई। इससे इलेक्ट्रिक स्कूटर करीब 70,000 से 72,000 रुपये की कीमत में उपलब्ध होने लगे, लेकिन बैटरी क्षमता कम होने के कारण उनकी रेंज घटकर लगभग 70 किलोमीटर रह गई।