कृति सेनन के राखी ऐड विवाद में प्रियंका चोपड़ा की एंट्री, आखिर क्यों हो रहीं ट्रोल? जानें वजह

KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन का रक्षाबंधन कैंपेन काफी समय से विवादों में है. ज्वेलरी ब्रांड GIVA के इस फेस्टिव कैंपेन में कृति के आउटफिट और विज्ञापन की थीम को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी. इस विवाद में कंगना रनौत समेत कई सितारों ने अपनी राय रखी थी. जहां कंगना ने कृति की आलोचना की, वहीं कई सेलेब्स एक्ट्रेस के समर्थन में भी नजर आए.

अब इस विवाद में प्रियंका चोपड़ा का नाम भी जुड़ गया है. हालांकि, प्रियंका ने खुद इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है. दरअसल, उनकी मां मधु चोपड़ा ने कृति सेनन के विज्ञापन को लेकर अपनी राय रखी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर प्रियंका को भी ट्रोल किया जा रहा है.

प्रियंका की मां मधु चोपड़ा ने क्या कहा?

मुंबई में आयोजित ‘Women Building Cinema Together’ कार्यक्रम के दौरान मधु चोपड़ा से कृति सेनन के रक्षाबंधन ऐड को लेकर चल रही बहस पर सवाल किया गया.

मधु चोपड़ा ने कहा कि ‘मेरा शरीर, मेरी पसंद’ कहना बिल्कुल सही है, लेकिन एक सीमा और मर्यादा का ध्यान रखना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि गरिमा बनाए रखना और दूसरे लोगों की भावनाओं और मूल्यों का सम्मान करना महत्वपूर्ण है.

उन्होंने आगे कहा कि कुछ कपड़े ऐसी जगहों पर पहने जा सकते हैं जहां उन्हें सामान्य माना जाता है, लेकिन हर जगह ऐसा नहीं होता. उनके मुताबिक, मौके के हिसाब से पहनावा भी उचित होना चाहिए.

मधु चोपड़ा ने यह भी कहा कि उनके बच्चे भी काम और अपनी पसंद के हिसाब से अलग तरह के कपड़े पहनते हैं, लेकिन उनका मानना है कि किसी खास मौके पर लुक उस अवसर के अनुरूप होना चाहिए. अगर पहनावा मौके के हिसाब से सही नहीं होगा तो आलोचना होना स्वाभाविक है.

कृति सेनन के रक्षाबंधन ऐड में क्या था?

कृति सेनन ने ज्वेलरी ब्रांड GIVA के रक्षाबंधन कैंपेन में काम किया था. विज्ञापन में वह अपने ऑन-स्क्रीन भाई और पालतू कुत्ते के साथ रक्षाबंधन मनाती नजर आई थीं.

इस ऐड में कृति ने आइवरी रंग का इंडो-वेस्टर्न आउटफिट पहना था. इसमें ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट शामिल थी.

कैंपेन के जरिए रक्षाबंधन को परिवार के साथ मनाए जाने वाले त्योहार के तौर पर दिखाने की कोशिश की गई थी. साथ ही विज्ञापन में पालतू जानवरों को भी परिवार का हिस्सा बताने का संदेश दिया गया था.

आउटफिट को लेकर क्यों हुआ विवाद?

विज्ञापन सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने कृति के आउटफिट पर आपत्ति जताई. लोगों का कहना था कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक और पारिवारिक त्योहार के लिए यह पहनावा उचित नहीं था.

कुछ लोगों ने ऐड में पालतू कुत्ते को रक्षाबंधन सेलिब्रेशन का हिस्सा बनाए जाने पर भी सवाल उठाए. इसके बाद सोशल मीडिया पर विज्ञापन को लेकर बहस तेज हो गई.

इस विवाद में एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कृति के विज्ञापन की आलोचना की थी. वहीं, इंडस्ट्री के कुछ अन्य लोगों ने कृति का समर्थन करते हुए इसे व्यक्तिगत पसंद और आधुनिक सोच से जोड़कर देखा था.

अब मधु चोपड़ा के बयान के बाद इस विवाद ने एक नया मोड़ ले लिया है. सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स प्रियंका चोपड़ा का नाम लेकर सवाल उठा रहे हैं, जबकि प्रियंका ने खुद इस विवाद पर कोई बयान नहीं दिया है.

फिलहाल, कृति सेनन का रक्षाबंधन ऐड और उस पर हुई बहस एक बार फिर चर्चा में है और मधु चोपड़ा की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *