अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण की अपकमिंग फिल्म ‘राका’ को लेकर नया अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के एक अहम शूटिंग शेड्यूल के लिए मेकर्स ने लोकेशन बदलने का प्लान बनाया है। पहले जिन सीन्स की शूटिंग दुबई में होनी थी, अब उनके हैदराबाद में फिल्माए जाने की संभावना है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Knews Desk – साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘राका’ को लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता है। फिल्म की शूटिंग पिछले कई महीनों से जारी है और इससे जुड़ी नई जानकारियां लगातार सामने आ रही हैं। अब शूटिंग शेड्यूल में बदलाव की खबर चर्चा में है। 123 तेलुगु की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के एक शेड्यूल की शूटिंग पहले दुबई में करने की योजना थी, लेकिन अब इसे हैदराबाद में शूट किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की अगली शूटिंग हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में हो सकती है। इस शेड्यूल के लिए फिल्म के अन्य कलाकारों के भी हैदराबाद पहुंचने की संभावना है। हालांकि, शूटिंग की जगह बदलने और इसके पीछे की वजह को लेकर मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
दीपिका पादुकोण समेत ये कलाकार आएंगे नजर
एटली के निर्देशन में बन रही ‘राका’ में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण नजर आएंगी। फिल्म में राम्या कृष्णन, बबलू पृथ्वीराज और सिरी हनुमंतु भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर अभी से दर्शकों के बीच काफी चर्चा है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शूटिंग हैदराबाद में होने से अल्लू अर्जुन को बार-बार मुंबई जाने की जरूरत कम पड़ सकती है। इससे उनके शूटिंग शेड्यूल में सहूलियत होने की संभावना है। हालांकि, दुबई से हैदराबाद लोकेशन बदलने का अंतिम फैसला और इसके पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘राका’ का बजट करीब 800 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इसे साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म के तौर पर तैयार किया जा रहा है। मेकर्स की योजना फिल्म को 2027 में रिलीज करने की है, लेकिन इसकी आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान अभी नहीं हुआ है।