Knews Desk: उत्तराखंड के हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी संग्राम में बदल गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी और उत्तराखंड सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ता देहरादून से लेकर दिल्ली और देश के कई राज्यों में प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं बीजेपी ने भी राहुल गांधी के बयान को लेकर पलटवार करते हुए उन पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।
राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज शिकायत वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार को 200 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून में पुलिस मुख्यालय तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को ज्ञापन सौंपते हुए FIR वापस लेने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे राज्य में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि अगर शुद्धिकरण करने वालों पर आरोप लगे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करना उचित नहीं है।दरअसल, यह पूरा विवाद हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद शुरू हुआ। आरोप है कि जनसभा के कुछ दिन बाद कुछ लोगों ने वहां कथित तौर पर शुद्धिकरण यज्ञ कराया। राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा और इसे छुआछूत तथा दलितों के अपमान से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद वाल्मीकि समुदाय के एक सदस्य और श्री राम सेना धर्मस्व सेवा न्यास से जुड़े अमित कुमार की शिकायत पर उत्तराखंड पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी ने संबंधित लोगों से संपर्क किए बिना उन पर अनुसूचित जाति विरोधी होने और छुआछूत को मानने का आरोप लगाया। पुलिस ने इसी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। कांग्रेस इस FIR को लेकर लगातार सवाल उठा रही है और इसे राजनीतिक दबाव का नतीजा बता रही है।मामला अब उत्तराखंड से बाहर भी फैल गया है। केरल, झारखंड और तेलंगाना समेत कई राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ FIR के विरोध में प्रदर्शन किया। तेलंगाना में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं झारखंड कांग्रेस ने रांची में विरोध मार्च निकालकर राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने पर आपत्ति जताई और केंद्र सरकार का पुतला भी फूंका।
केरल के नेता वी.डी. सतीशन ने भी राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को चिंताजनक बताया और उत्तराखंड सरकार पर निशाना साधा। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि राहुल गांधी ने दलितों के साथ कथित अन्याय और भेदभाव का मुद्दा उठाया था, लेकिन इसके तुरंत बाद उनके खिलाफ FIR दर्ज कर दी गई।कांग्रेस ने मंगलवार को दिल्ली के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी का दावा है कि इन प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस का कहना है कि शुद्धिकरण करने और कथित तौर पर अपमान करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं बीजेपी ने भी कांग्रेस पर पलटवार किया है। देहरादून समेत उत्तराखंड के सभी जिला मुख्यालयों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आगामी चुनावों को देखते हुए इस मुद्दे को राजनीतिक और जातिगत रंग दे रही है। बीजेपी ने राहुल गांधी को लेकर तीखे बयान भी दिए हैं।इस तरह हल्द्वानी का ‘शुद्धिकरण’ विवाद अब कांग्रेस और बीजेपी के बीच बड़े राजनीतिक टकराव में बदल गया है। कांग्रेस जहां राहुल गांधी के खिलाफ FIR वापस लेने की मांग पर आंदोलन कर रही है, वहीं बीजेपी राहुल गांधी के बयान को मुद्दा बनाकर जवाबी प्रदर्शन कर रही है। आने वाले दिनों में यह विवाद उत्तराखंड की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भी और तूल पकड़ सकता है।