knews desk – राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने की तैयारी में है. संतोषी ने अपनी अगली फिल्म ‘घातक घुस के मारेगा’ का ऐलान किया है. हालांकि, यह ‘घातक’ का सीक्वल नहीं होगी.
सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी की जोड़ी ने 90 के दशक में ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी यादगार फिल्में दी हैं. करीब तीन दशक बाद दोनों ‘बंटवारा 1947’ के लिए साथ आए थे, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई. अब इस जोड़ी ने अगली फिल्म का ऐलान कर दिया है.
राजकुमार संतोषी ने बताया है कि वह एक बार फिर सनी देओल के साथ ‘घातक घुस के मारेगा’ नाम की फिल्म बना रहे हैं. फिल्म में भरपूर एक्शन, दमदार डायलॉग और इमोशन देखने को मिलेगा.
क्या ‘घातक’ का सीक्वल है नई फिल्म?
‘घातक घुस के मारेगा’ के नाम के सामने आते ही फैंस के बीच ‘घातक 2’ को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है. हालांकि, राजकुमार संतोषी ने साफ कर दिया है कि यह फिल्म ‘घातक’ का पार्ट 2 नहीं है.
https://www.instagram.com/p/Db7_W7jieCd/
पीटीआई से बातचीत में संतोषी ने बताया कि फिल्म में सनी देओल का किरदार ‘घातक’ के किरदार जैसा ही होगा. नया किरदार बनारस का रहने वाला है और कहानी में जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा.
सनी के फैंस के लिए होगा बड़ा एक्शन पैकेज
राजकुमार संतोषी के मुताबिक, फिल्म में सनी देओल के फैंस को वह सब देखने को मिलेगा, जिसकी उनसे उम्मीद की जाती है. इसमें एक्शन, दमदार डायलॉग और इमोशनल कहानी का मेल होगा.
संतोषी ने यह भी बताया कि वह सनी देओल के साथ दो-तीन और कहानियों पर भी विचार कर रहे हैं. इनमें एक फिल्म ऐसी है जिसमें सनी अमेरिका में रहने वाले एक सरदार की भूमिका निभाएंगे. यह भी एक एक्शन-ड्रामा फिल्म होगी.
‘जाट 2’ डायरेक्ट नहीं करेंगे संतोषी
राजकुमार संतोषी ने सनी देओल की फिल्म ‘जाट 2’ को लेकर भी स्थिति साफ कर दी है. उन्होंने बताया कि वह इस फिल्म का निर्देशन नहीं कर रहे हैं.
‘जाट’ का निर्देशन गोपीचंद मालिनेनी ने किया था. संतोषी ने कहा कि उन्होंने ‘जाट 2’ के निर्देशन से इसलिए इनकार किया क्योंकि वह एक ही पार्ट में कहानी पूरी करने वाली फिल्में बनाने में विश्वास रखते हैं.
‘अंदाज अपना अपना’ की तर्ज पर भी फिल्म
राजकुमार संतोषी के पास इस समय कई प्रोजेक्ट्स हैं. इनमें 1994 की कल्ट कॉमेडी ‘अंदाज अपना अपना’ के जॉनर से प्रेरित एक नई फिल्म भी शामिल है.
इस फिल्म का नाम ‘अदा अपनी अपनी’ बताया गया है. संतोषी ने स्पष्ट किया है कि यह ‘अंदाज अपना अपना’ का सीक्वल नहीं होगी.
फिल्म में आमिर खान और सलमान खान नजर आएंगे या नहीं, इस सवाल पर संतोषी ने फिलहाल कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है. उन्होंने कहा कि इस बारे में जल्द ऐलान किया जाएगा.
अब सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी ‘घातक घुस के मारेगा’ के जरिए पुराने एक्शन वाले अंदाज में कितना धमाल मचाती है, इसका इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं.