Apple के कैमरे वाले AirPods की पहली झलक! Siri को दिखेगी आपके आसपास की दुनिया

KNEWS DESK- macOS के नए अपडेट में मिले संकेतों के बाद Apple के कैमरे वाले AirPods को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इनमें लगा कैमरा सिर्फ तस्वीरें लेने के लिए नहीं, बल्कि Visual Intelligence और Siri को आसपास की चीजें समझने में मदद कर सकता है।

Apple जल्द ही AirPods को एक नए स्तर पर ले जाने की तैयारी में है। कंपनी कैमरे से लैस नए AirPods पर काम कर रही है, जिसकी झलक macOS Tahoe 26.7 के रिलीज कैंडिडेट में सामने आई है। लीक हुए एक डेमो वीडियो में इन AirPods के कैमरे का इस्तेमाल सामने रखी किसी वस्तु को पहचानने के लिए करते हुए दिखाया गया है।

कैमरे वाला AirPods कैसे करेगा काम?

लीक के मुताबिक, AirPods में मौजूद कैमरा आसपास की चीजों की विजुअल जानकारी कैप्चर करेगा। यह जानकारी Apple के Visual Intelligence सिस्टम तक पहुंच सकती है। इसका मकसद सामान्य फोटो या वीडियो रिकॉर्ड करना नहीं, बल्कि AI फीचर्स को ज्यादा स्मार्ट बनाना बताया जा रहा है। डेमो में एक व्यक्ति AirPods के कैमरे के सामने एक किताब रखता है। सिस्टम किताब को देखकर उसकी जानकारी पहचानने की कोशिश करता है। इसके बाद Visual Intelligence उस जानकारी को भविष्य में इस्तेमाल के लिए सेव करने की सुविधा भी दे सकता है।

https://x.com/aaronp613/status/2089522745184760112?

Siri को मिलेगा विजुअल इंटेलिजेंस का फायदा

इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा Siri को मिल सकता है। यूजर अपने सामने मौजूद किसी चीज के बारे में सवाल पूछ सकेगा और AirPods का कैमरा उस वस्तु को देखकर Siri को जरूरी जानकारी उपलब्ध करा सकता है। यानी आने वाले समय में Siri केवल यूजर की आवाज सुनने वाला असिस्टेंट नहीं रहेगा, बल्कि यूजर के आसपास क्या मौजूद है, इसे समझने में भी सक्षम हो सकता है।

कैमरा ढका तो मिलेगा अलर्ट

लीक में यह भी संकेत मिला है कि कैमरे के सामने कोई रुकावट होने पर AirPods यूजर को चेतावनी दे सकता है। अगर बाल या कोई दूसरी चीज कैमरे को ढक देती है, तो सिस्टम कैमरा कवर होने की जानकारी दे सकता है।

B790 कोडनेम से सामने आया प्रोजेक्ट

macOS Tahoe 26.7 में B790 कोडनेम से जुड़े कई संदर्भ मिले हैं। इनमें AirPods के लिए Visual Intelligence सेटअप से संबंधित संकेत भी शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट का जिक्र पहले Bloomberg के मार्क गुरमैन की रिपोर्ट्स में भी सामने आ चुका है।हालांकि Apple ने अभी तक इन कैमरा वाले AirPods की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सितंबर में हो सकता है लॉन्च

लीक्स के अनुसार, B790 कोडनेम वाले AirPods को सितंबर में पेश किया जा सकता है। अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो इनका लॉन्च Apple के आगामी iPhone लाइनअप के साथ हो सकता है। वहीं, B790 को Apple के एक पुराने B798 कैमरा AirPods प्रोजेक्ट से अलग बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक B798 प्रोजेक्ट को कथित तौर पर 2027 तक आगे बढ़ाया गया है।

फिलहाल कैमरे वाले AirPods की लॉन्च डेट, कीमत और फीचर्स को लेकर Apple की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए इनसे जुड़ी सभी जानकारियों को फिलहाल लीक और रिपोर्ट्स के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *