KBC 18: आमिर खान ने बिग बी से पूछा ‘सोचना पड़ेगा’ का मतलब, सनी देओल के सामने हुई मजेदार बातचीत

Knews Desk– ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए सीजन का इंतजार अब खत्म होने वाला है. शो का सीजन 18 10 अगस्त 2026 से शुरू होने जा रहा है और एक बार फिर महानायक अमिताभ बच्चन होस्ट की कुर्सी संभालते नजर आएंगे. इस बार शो की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ रखी गई है. प्रीमियर से पहले शो का एक नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें आमिर खान और सनी देओल खास मेहमान के तौर पर नजर आ रहे हैं. प्रोमो में अमिताभ बच्चन और आमिर खान की मजेदार बातचीत ने फैंस का ध्यान खींच लिया है.आमिर खान और सनी देओल इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में जुटे हुए हैं. फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा लीड रोल में हैं, जबकि आमिर खान इसके प्रोडक्शन से जुड़े हुए हैं. राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में करण देओल, अभिमन्यु सिंह, अली फजल और शबाना आजमी जैसे कलाकार भी नजर आएंगे.

फिल्म के प्रमोशन के दौरान अब सनी देओल और आमिर खान पहली बार एक साथ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर पहुंचे हैं. शो के नए प्रोमो में दोनों कलाकार अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं. खास बात यह है कि आमिर खान खुद अमिताभ बच्चन से शो की नई थीम को लेकर सवाल करते हैं.प्रोमो की शुरुआत में आमिर खान कहते हैं कि आपने प्रोमो में कहा है ‘सोचना पड़ेगा’, तो बताइए सर आखिर क्या सोचना पड़ेगा? इस पर अमिताभ बच्चन अपने अंदाज में जवाब देते हैं कि उन्हें देखने से आमिर को कोई फायदा नहीं होने वाला. बिग बी की यह बात सुनकर आमिर तुरंत कहते हैं कि उन्हें समझ आ गया है.

इसके बाद अमिताभ बच्चन आमिर को थोड़ा और उलझाते हुए कहते हैं कि इतना आसान होने वाला नहीं है. आमिर भी पीछे हटने वालों में से नहीं हैं और कहते हैं कि कोशिश करते हैं. तभी अमिताभ बच्चन फिर अपने मजेदार अंदाज में कहते हैं, ‘सोचना पड़ता है भाईसाहब.’ इसके बाद आमिर खान सनी देओल की तरफ देखते हुए कहते हैं, ‘सोचना पड़ेगा फिर.’इस पूरी बातचीत के दौरान सनी देओल शांत नजर आते हैं, लेकिन दोनों की नोकझोंक देखकर मुस्कुराते हुए दिखाई देते हैं. प्रोमो से साफ है कि KBC का यह स्पेशल एपिसोड काफी मनोरंजक होने वाला है. अमिताभ बच्चन और आमिर खान की बातचीत के साथ सनी देओल की मौजूदगी एपिसोड को और खास बना रही है.

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर रात 9 बजे होगा. इसके साथ ही शो को Sony LIV पर भी देखा जा सकेगा. हर सीजन की तरह इस बार भी अमिताभ बच्चन कंटेस्टेंट्स से सवाल पूछते हुए नजर आएंगे, लेकिन ‘सोचना पड़ेगा’ थीम के साथ शो में सवालों और गेम को लेकर एक नया अंदाज देखने को मिल सकता है.वहीं ‘बंटवारा 1947’ की बात करें तो फिल्म का मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से होने वाला है. ऐसे में KBC के मंच पर आमिर खान और सनी देओल की मौजूदगी फिल्म के प्रमोशन के लिहाज से भी काफी अहम मानी जा रही है. अब देखना होगा कि KBC का यह खास एपिसोड दर्शकों को कितना पसंद आता है और ‘बंटवारा 1947’ को इससे कितना फायदा मिलता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *