मेरठ स्नेक बाइट मर्डर केस: नौकरी बचाने के लिए रची गई मौत की साजिश! पत्नी और प्रेमी ने ऐसे उतारा पति को मौत के घाट

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के मेरठ में सामने आए चर्चित स्नेक बाइट मर्डर केस ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में पुलिस जांच के दौरान जो खुलासे हुए हैं, उन्होंने हर किसी को हैरान कर दिया। जांच में सामने आया है कि स्कूल संचालक अतुल कुमार की हत्या किसी हादसे का नतीजा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। पुलिस के मुताबिक, पत्नी दामिनी और स्कूल बस चालक तुषार ने कथित तौर पर अपने रिश्ते का राज छिपाने और तुषार की नौकरी बचाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।

हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले अतुल कुमार एक निजी स्कूल का संचालन करते थे। उनकी पत्नी दामिनी उसी स्कूल में प्रिंसिपल थीं, जबकि तुषार स्कूल बस चालक के तौर पर काम करता था। पुलिस जांच के अनुसार, अतुल को पत्नी और तुषार के बीच कथित प्रेम संबंधों की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद उन्होंने तुषार को स्कूल से निकालने और उसके खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी। यही चेतावनी कथित तौर पर हत्या की वजह बन गई।

नौकरी जाने का डर बना हत्या की वजह

पुलिस का दावा है कि अतुल द्वारा नौकरी से निकालने की बात कहे जाने के बाद दामिनी और तुषार घबरा गए। उन्हें डर था कि यदि तुषार की नौकरी चली गई तो दोनों के रिश्ते का भी खुलासा हो जाएगा। इसी वजह से दोनों ने अतुल को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

सड़क हादसे की योजना को नही मिली थी सफलता

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हत्या की साजिश काफी पहले से रचनी शुरू कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने इंटरनेट और क्राइम से जुड़े कंटेंट के जरिए ऐसे तरीके तलाशे, जिनसे हत्या को दुर्घटना या प्राकृतिक मौत साबित किया जा सके। सबसे पहले सड़क हादसे में अतुल की जान लेने की कोशिश की गई, लेकिन यह योजना सफल नहीं हो सकी।

इसके बाद तुषार ने अपने गांव में हुई एक घटना का जिक्र किया, जहां कथित तौर पर सांप के काटने से हुई मौत लंबे समय तक संदेह से बाहर रही थी। इसी के बाद दोनों ने सांप के जरिए हत्या करने की योजना बनाई ताकि मामला सामान्य स्नेक बाइट का लगे और पुलिस को किसी साजिश का शक न हो।

नींद की गोली पिलाकर सांप से कटवाया

पुलिस जांच के मुताबिक, वारदात वाली रात दामिनी ने अतुल को सोने से पहले दूध में नींद की गोलियां मिलाकर दीं। दवा के असर से अतुल गहरी नींद में चले गए। इसके बाद बच्चों को दूसरे कमरे में सुला दिया गया। इसी दौरान तुषार कथित रूप से जहरीला सांप लेकर घर पहुंचा और उसे अतुल के बिस्तर पर छोड़ दिया। सांप के डसने से अतुल की मौत हो गई।

जांच में खुल गई साजिश

वारदात के बाद आरोपियों ने इसे सामान्य स्नेक बाइट का मामला बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए, जिसके बाद कथित साजिश की परतें खुलती चली गईं। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *