छत का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे बदमाश, तीन कमरों की अलमारियां खंगालीं; पुलिस ने शुरू की जांच
Knews Desk- मध्य प्रदेश के सतना में चोरों ने एक सराफा कारोबारी के बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के समय कारोबारी का पूरा परिवार घर से बाहर घूमने गया हुआ था।
मामला शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, आस्था कुटी इलाके में रहने वाले सराफा कारोबारी विपुल जैन रविवार दोपहर परिवार के साथ उचेहरा के इचौल आर्ट घूमने गए थे। देर रात करीब साढ़े 9 बजे जब वह वापस लौटे तो घर के अंदर का हाल देखकर उनके होश उड़ गए।
घर का सामान बिखरा मिला
घर में प्रवेश करते ही परिवार को सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने तीन कमरों को निशाना बनाया था। मां के कमरे समेत कारोबारी और उनके बड़े भाई के कमरे की अलमारियां खुली हुई थीं। अलमारियों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी।
परिवार ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई है।
छत के रास्ते वारदात को दिया अंजाम
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए। उन्होंने छत के दरवाजे का कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
विपुल जैन का पुराना पावर हाउस चौक पर एचबी ज्वेलर्स नाम से आभूषण का कारोबार है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी कैमरों से जुटाए जा रहे सुराग
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और अन्य सबूतों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।