KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और लेखक पीयूष मिश्रा को लेकर एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता घर के बाथरूम में फिसलकर गिर गए, जिसके बाद उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल आराम करने और बेड रेस्ट की सलाह दी है।
पीयूष मिश्रा जल्द ही फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म के प्रमोशन से जुड़े एक इवेंट में उन्हें शामिल होना था, लेकिन हादसे के चलते वह कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए। इसी दौरान फिल्म के डायरेक्टर आकाशादित्य लामा ने उनकी तबीयत को लेकर जानकारी दी।
डायरेक्टर ने बताया कैसे हुआ हादसा
आकाशादित्य लामा ने बताया कि उन्हें पीयूष मिश्रा के मैनेजर का फोन आया था। उन्होंने कहा, “मुझे कल रात पीयूष जी के मैनेजर का कॉल आया था। उन्होंने बताया कि वह घर पर बाथरूम में फिसल गए हैं और उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। डॉक्टर ने उन्हें बेड रेस्ट की सलाह दी है, इसलिए वह फिल्म के प्रमोशन में शामिल नहीं हो पाएंगे।”
डायरेक्टर ने बताया कि पीयूष मिश्रा की इच्छा थी कि वह फिल्म के प्रमोशनल इवेंट्स का हिस्सा बनें, लेकिन अब चोट के कारण उनके लिए ऐसा कर पाना संभव नहीं है।
पहले से भी चल रही थीं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां
आकाशादित्य लामा ने यह भी बताया कि पिछले कुछ समय से पीयूष मिश्रा कुछ स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। इसके बावजूद वह फिल्म के प्रमोशन के लिए समय निकालने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन हाथ में चोट लगने के बाद उन्हें पूरी तरह आराम करना पड़ रहा है।
24 जुलाई को रिलीज होगी फिल्म
पीयूष मिश्रा की अपकमिंग फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जिसमें कॉमेडी के साथ इमोशन और पारिवारिक रिश्तों की कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
फिल्म का ट्रेलर 16 जुलाई को रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। अब रिलीज से पहले मेकर्स फिल्म के प्रमोशन में जुटे हुए हैं।
‘दुल्हनिया ले आएगी’ में पीयूष मिश्रा के अलावा खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और ओंकार कपूर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फैंस अब अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।