इंस्टाग्राम दोस्ती, नौकरी का झांसा और फिरौती का आरोप… उज्जैन में युवक के अपहरण की शिकायत से मचा हड़कंप

Knews Desk- उज्जैन में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद एक युवक के कथित अपहरण और फिरौती वसूली का मामला सामने आया है। नरवर निवासी हैदर पटेल ने आरोप लगाया है कि एक युवती ने उसे नौकरी दिलाने के बहाने उज्जैन बुलाया और इसके बाद कुछ लोगों ने उसे अगवा कर उसके साथ मारपीट की। युवक ने 10 लाख रुपये वसूलने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हैदर पटेल के मुताबिक, उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए एक युवती से हुई थी। बातचीत के दौरान युवती ने नौकरी की तलाश होने की बात कही, जिस पर हैदर ने अपने परिचित के यहां काम दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि युवती ने नौकरी की जगह देखने के लिए उज्जैन आने की बात कही और 18 जुलाई की रात रेलवे स्टेशन पर उसे लेने बुलाया।

पीड़ित का कहना है कि वह रात करीब 9:15 बजे युवती को रेलवे स्टेशन से कार में बैठाकर नौकरी वाली जगह दिखाने के लिए निकला था। जैसे ही कार तपोभूमि इलाके की ओर पहुंची, तभी दो कारों में आए कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी रोक ली।

मारपीट, लूट और अपहरण का लगाया आरोप

हैदर पटेल ने शिकायत में आरोप लगाया कि कार रोकने वाले लोगों ने खुद को एक हिंदूवादी संगठन से जुड़ा बताया और उस पर नाबालिग लड़की को घुमाने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसका वीडियो बनाया, कपड़े उतरवाए और उसकी कार, मोबाइल फोन, घड़ी और नकदी छीन ली।

युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जबरन दूसरी कार में बैठाकर किसी अज्ञात जगह ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने उसके मोबाइल से परिवार वालों को फोन करवाया और कथित तौर पर फिरौती की मांग की।

पहले मांगे 50 लाख, फिर 26 लाख पर हुई बात

शिकायतकर्ता का दावा है कि आरोपियों ने शुरुआत में 50 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में यह रकम घटाकर 26 लाख रुपये कर दी गई। पीड़ित के मुताबिक, उसके परिवार ने पैसों का इंतजाम करने के लिए 22 लाख रुपये कीमत का प्लॉट करीब 11 लाख रुपये में बेच दिया और आरोपियों को 10 लाख रुपये पहुंचाए।

हैदर का कहना है कि पैसे मिलने के बाद 19 जुलाई की सुबह उसे फ्रीगंज इलाके में पाकीजा के पास छोड़ दिया गया। इसके बाद वह थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी

नानाखेड़ा थाना पुलिस ने हैदर पटेल की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी श्वेता गुप्ता के मुताबिक, पीड़ित ने लोकेश शर्मा नाम के एक व्यक्ति की पहचान की है, जबकि कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की बात भी कही है।

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित लोगों से पूछताछ और साक्ष्य जुटाने का काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *