अमिताभ बच्चन के ‘हॉस्पिटल-सर्जरी’ वाले ब्लॉग से मची हलचल, फैंस बोले- बिग बी ठीक तो हैं ना?

KNEWS DESK – बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनका एक ब्लॉग और सोशल मीडिया पोस्ट है, जिसने फैंस को चिंता में डाल दिया है। अमिताभ बच्चन ने अपने लेटेस्ट ब्लॉग में हॉस्पिटल, सर्जरी और आईसीयू का जिक्र किया, जिसके बाद लोग उनकी सेहत को लेकर सवाल करने लगे हैं।

अमिताभ बच्चन इन दिनों अपने मशहूर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं। शो का ऐलान हो चुका है और यह 10 अगस्त 2026 से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा। इसके अलावा बिग बी फिल्मों में भी लगातार सक्रिय हैं और अपने काम से जुड़े अपडेट सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं।

ब्लॉग में किया हॉस्पिटल और सर्जरी का जिक्र

अमिताभ बच्चन ने 20 जुलाई की देर रात अपने ब्लॉग में लिखा कि हॉस्पिटल में सर्जरी के दौरान आईसीयू में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की निगरानी में रहने के बाद अब डिस्चार्ज होकर घर वापसी हुई। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा कि घर लौटने का समय शारीरिक, मानसिक और व्यावहारिक रूप से काफी मुश्किल होता है।

बिग बी ने आगे लिखा कि जिंदगी में एक वक्त ऐसा आता है जब एक विजेता के सामने भी हार खड़ी हो जाती है। उस समय इंसान के सामने दो रास्ते होते हैं- या तो वह संघर्ष करे और मजबूती से आगे बढ़े, या फिर परिस्थितियों के सामने समझौता कर ले।

क्या अपने अनुभव की बात कर रहे थे बिग बी?

अमिताभ बच्चन की इस पोस्ट के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ा कोई अनुभव साझा किया है या फिर वह किसी और के बारे में बात कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने अपनी पोस्ट में किसी व्यक्ति या घटना का नाम नहीं लिया।

ब्लॉग के अंत में उन्होंने लिखा कि दोनों रास्तों में से कोई भी गलत नहीं है और सभी स्वस्थ और खुश रहें। इस लाइन ने भी फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।

सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाया सस्पेंस

ब्लॉग के बाद अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा, “खेल खत्म हो गया है। लेकिन काम अभी भी चल रहा है।”

इस पोस्ट के बाद फैंस लगातार कमेंट कर उनकी तबीयत के बारे में पूछ रहे हैं। कई यूजर्स ने उनसे स्वास्थ्य को लेकर अपडेट देने की अपील की है। हालांकि अमिताभ बच्चन की ओर से अभी तक यह साफ नहीं किया गया है कि यह पोस्ट उनके निजी स्वास्थ्य से जुड़ी है या किसी और संदर्भ में लिखी गई है।

फिल्मों और काम में लगातार एक्टिव हैं बिग बी

वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही प्रभास स्टारर फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के अगले पार्ट में नजर आएंगे। इस फिल्म में वह एक बार फिर अश्वत्थामा के किरदार में दिखाई देंगे। इसके अलावा वह अपने टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए सीजन की तैयारियों में भी जुटे हुए हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी बिग बी का काम के प्रति समर्पण फैंस को लगातार प्रेरित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *