IPL में धमाल मचाने वाले आशुतोष शर्मा की विदेश में एंट्री, हैम्पशर ने वन-डे कप के लिए चुना

Knews Desk- भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे आशुतोष शर्मा के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले ऑलराउंडर आशुतोष अब इंग्लैंड में अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे। इंग्लैंड के काउंटी क्लब हैम्पशर ने उन्हें वन-डे कप टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम में शामिल कर लिया है।

27 वर्षीय आशुतोष शर्मा के साथ करार का ऐलान हैम्पशर क्लब ने आधिकारिक रूप से किया है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और ऑलराउंड क्षमता को देखते हुए टीम ने उन्हें यह मौका दिया है।

आशुतोष शर्मा को हैम्पशर से जुड़ने का एक खास फायदा भी मिला है। दरअसल, वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं और दिल्ली कैपिटल्स के मालिकाना हक वाले जीएमआर ग्रुप के पास ही हैम्पशर क्लब की भी हिस्सेदारी है। इसी वजह से दोनों टीमों के बीच कनेक्शन के चलते आशुतोष को इंग्लिश क्रिकेट में खेलने का अवसर मिला है।

आईपीएल के पिछले दो सीजन में आशुतोष ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने करीब 170 के स्ट्राइक रेट से 375 से ज्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले उन्होंने आईपीएल में पंजाब किंग्स के साथ अपना सफर शुरू किया था। साल 2025 के ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 3.80 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।

आशुतोष शर्मा का घरेलू क्रिकेट करियर भी शानदार रहा है। उन्होंने 2017 में मध्य प्रदेश की टीम से अपने करियर की शुरुआत की थी, जबकि मौजूदा समय में वह रेलवे टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। तीनों फॉर्मेट में वह अब तक 91 मुकाबले खेल चुके हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 21 मैचों में 458 रन दर्ज हैं।

टी20 क्रिकेट में आशुतोष शर्मा के नाम एक खास रिकॉर्ड भी दर्ज है। वह भारत की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2023 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रेलवे की ओर से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में पचासा जड़कर यह रिकॉर्ड बनाया था।

अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि इंग्लैंड की तेज और चुनौतीपूर्ण पिचों पर आशुतोष शर्मा अपनी बल्लेबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन से कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *