KNEWS DESK – टीवी और बॉलीवुड अभिनेता राम कपूर इन दिनों एकता कपूर के रियलिटी शो ‘लॉकअप सीजन 2’ को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, इस बार वह अपने गेम से ज्यादा एक विवाद की वजह से सुर्खियों में आ गए हैं। शो के दौरान कंटेस्टेंट श्रेया कालरा को किस करने के मामले पर सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। अब इस पूरे विवाद पर उनकी पत्नी और एक्ट्रेस गौतमी गाडगिल कपूर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
गौतमी कपूर ने अपने पति का बचाव करते हुए कहा कि लोगों ने राम कपूर के व्यवहार को गलत तरीके से समझा है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह शो को लेकर चुप रहना चाहती थीं, लेकिन पिछले कुछ दिनों में जिस तरह से राम को लेकर बातें कही जा रही हैं, उसके बाद उन्हें अपनी बात रखनी पड़ी।
https://www.instagram.com/reels/DbARq4AoLAK/
गौतमी ने कहा कि राम किसी रणनीति के साथ शो में नहीं गए हैं और वह हमेशा दिल से चीजें करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनका इरादा गलत होता तो घर के दूसरे कंटेस्टेंट्स शुरुआत से ही इस पर सवाल उठाते।
दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब ‘लॉकअप 2’ में एक टास्क के दौरान श्रेया कालरा ने अपनी पावर का इस्तेमाल करते हुए राम कपूर को एलिमिनेशन से बचा लिया। श्रेया के इस फैसले से खुश होकर राम ने उनके गाल पर दो बार किस कर दिया। हालांकि, बाद में गेम के दौरान दोनों के बीच मतभेद देखने को मिले।
श्रेया ने आरोप लगाया कि राम ने उनकी सीमाओं को पार किया और सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद राम कपूर को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा।
वहीं, गौतमी ने श्रेया के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह विवाद शायद गेम से जुड़ी नाराजगी के बाद बढ़ा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को एडिटेड एपिसोड के आधार पर जज किया जा रहा है।
बता दें कि इससे पहले भी शो में राम कपूर की कुछ हरकतों को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ चुके हैं। अब देखना होगा कि ‘लॉकअप 2’ में यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है और दर्शकों की प्रतिक्रिया कैसी रहती है।