Big B Reaction on Messi: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना की हार के बाद लियोनेल मेस्सी भावुक नजर आए। उनकी मायूसी देखकर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी प्रतिक्रिया दी और दिग्गज फुटबॉलर का हौसला बढ़ाते हुए खास संदेश लिखा।
Knews Desk- फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक सफर स्पेन के खिताब जीतने के साथ खत्म हो गया। फाइनल मुकाबले में स्पेन ने अर्जेंटीना को मात देकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस हार के साथ ही अर्जेंटीना के कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी का एक और वर्ल्ड कप खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया। मुकाबले के बाद मेस्सी काफी भावुक दिखाई दिए।
फुटबॉल के बड़े प्रशंसक अमिताभ बच्चन ने भी इस मुकाबले को देखा और मेस्सी की भावनाओं को समझते हुए उनके लिए एक प्रेरणादायक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि हार किसी भी महान खिलाड़ी की पहचान को कम नहीं करती और हर चैंपियन के जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं।
अमिताभ बच्चन ने मेस्सी को लेकर लिखा कि खेल खत्म हो चुका है, स्पेन चैंपियन बन चुका है और मेस्सी की टीम को हार मिली है। इस हार का दर्द स्वाभाविक है, लेकिन हर महान खिलाड़ी के जीवन में ऐसे पल आते हैं। उन्होंने मेस्सी को मिले प्यार और सम्मान को स्वीकार करने की सलाह दी।
फाइनल मुकाबले में स्पेन ने रचा इतिहास
अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अतिरिक्त समय तक चले इस मैच में स्पेन ने बाजी मारी। फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई और स्पेन को दूसरी बार पुरुष फुटबॉल विश्व कप का चैंपियन बना दिया।
बता दें कि साल 2022 में मेस्सी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। टीम इस बार भी शानदार प्रदर्शन के साथ फाइनल तक पहुंची, लेकिन ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर सकी।
KBC के नए सीजन में नजर आएंगे अमिताभ बच्चन
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही अपने लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन के साथ वापसी करने वाले हैं। इसके अलावा वह कई बड़े प्रोजेक्ट्स से जुड़े हुए हैं। आने वाले समय में वह फिल्म ‘कल्कि 2’ में अश्वत्थामा के किरदार में नजर आएंगे।