KNEWS DESK – नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट ‘प्रथम संकल्प’ में आध्यात्म, सिनेमा और भव्यता का अनोखा संगम देखने को मिला। इस खास कार्यक्रम में फिल्म की स्टारकास्ट के साथ योग गुरु बाबा रामदेव भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव ने फिल्म की जमकर सराहना की और मंच पर नौली क्रिया का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
इवेंट में भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर, माता सीता के किरदार में साई पल्लवी, रावण बने यश और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे रवि दुबे मौजूद रहे। इसके अलावा फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। ‘रामायण’ का ट्रेलर 24 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा, लेकिन उससे पहले आयोजित इस कार्यक्रम ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव ने फिल्म की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि ‘रामायण’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को दुनिया तक पहुंचाने का एक बड़ा प्रयास है। उन्होंने कहा कि जिस समर्पण और भव्यता के साथ इस प्रोजेक्ट को तैयार किया गया है, वह इसे एक ऐतिहासिक फिल्म बना सकता है।
इवेंट में उस समय उत्साह का माहौल बन गया जब बाबा रामदेव ने मंच पर नौली क्रिया करके दिखाई। उनकी इस योग क्रिया को देखकर सभागार में मौजूद लोग हैरान रह गए और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। सोशल मीडिया पर भी इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
बाबा रामदेव ने फिल्म के ट्रेलर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार किसी फिल्म का ट्रेलर इतने ध्यान से देखा है। उनके अनुसार ट्रेलर के दृश्य इतने प्रभावशाली हैं कि स्क्रीन पर तीर चलने का दृश्य देखकर ऐसा महसूस हुआ मानो वह सीधे दर्शकों की ओर आ रहा हो। उन्होंने कहा कि फिल्म में जिस तरह भावनाओं और तकनीक का समावेश किया गया है, वह दर्शकों को एक अलग अनुभव देगा।
उन्होंने फिल्म के बजट का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्हें पता चला कि ‘रामायण’ का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है तो वह भी आश्चर्यचकित रह गए। बाबा रामदेव का मानना है कि यह फिल्म भारत की सीमाओं से आगे बढ़कर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाएगी और भारतीय महाकाव्य को नए अंदाज में दुनिया के सामने पेश करेगी।
‘रामायण’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में हैं। फिल्म की स्टारकास्ट, भव्य प्रस्तुति और बाबा रामदेव की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। अब दर्शकों की नजरें 24 जुलाई पर टिकी हैं, जब फिल्म का ट्रेलर आधिकारिक रूप से रिलीज किया जाएगा।