Knews Desk- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कालपी क्षेत्र से लापता हुई 21 वर्षीय काजल मंसूरी का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। काजल ने वायरल वीडियो में अपने अपहरण की खबरों को गलत बताते हुए कहा है कि वह अपनी इच्छा से प्रेमी ठाकुर ओम सिंह के साथ गई थी। उसने दावा किया कि दोनों ने शादी कर ली है और अब उन्हें सुरक्षा की जरूरत है।
काजल ने वीडियो में कहा कि वह किसी दबाव में नहीं है और अपनी मर्जी से ओम सिंह के साथ गई है। उसने बताया कि दोनों पिछले छह साल से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके बीच प्रेम संबंध हैं।
परिवार को रिश्ते की थी जानकारी
काजल के मुताबिक, उसने अपने परिवार को ओम सिंह के साथ रिश्ते के बारे में पहले ही बताया था। लेकिन परिजन उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे, जिसके बाद उसने घर छोड़ने का फैसला लिया।
शादी करने का किया दावा
काजल ने दावा किया कि उसने ओम सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी कर ली है। दोनों ने कोर्ट मैरिज के लिए हाईकोर्ट में आवेदन भी दाखिल करने की बात कही है।
पिता ने दर्ज कराया था केस
दरअसल, 7 जुलाई की रात काजल अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। इसके बाद उसके पिता ने 8 जुलाई को कालपी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने ओम सिंह के खिलाफ अपहरण और बहला-फुसलाकर ले जाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
सुरक्षा की लगाई गुहार
वीडियो में काजल ने अपने और ओम सिंह की जान को खतरा बताया है। उसने आरोप लगाया कि परिवार की ओर से धमकियां दी जा रही हैं और पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कालपी सीओ राजेश कमल ने बताया कि मामले में जांच जारी है। पुलिस वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल कर रही है। युवती के मिलने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां उसके बयान दर्ज होंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।