KNEWS DESK – सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर देशभर में चर्चा जारी है. उनकी बिगड़ती तबीयत को लेकर चिंता जताई जा रही है. अब बॉलीवुड अभिनेता अतुल कुलकर्णी भी उनके समर्थन में सामने आए हैं. ‘रंग दे बसंती’ फेम अभिनेता ने सोनम वांगचुक के समर्थन में एक दिन का उपवास रखने का फैसला किया है.
16 जुलाई को रखेंगे उपवास
अतुल कुलकर्णी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि वह 16 जुलाई को एक दिन का उपवास रखेंगे. उन्होंने कहा कि वह सोनम वांगचुक की स्थिति और उनकी पीड़ा को समझने के लिए यह कदम उठा रहे हैं.
अतुल ने वीडियो में कहा कि यह सिर्फ किसी एक व्यक्ति का मुद्दा नहीं है, बल्कि उन गंभीर विषयों से जुड़ा मामला है जिन पर ध्यान देने और संवाद की जरूरत है.
सरकार से की बातचीत शुरू करने की अपील
अतुल कुलकर्णी ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि इस मामले को संवेदनशीलता के साथ देखा जाना चाहिए और जल्द से जल्द बातचीत शुरू होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि सरकार लोगों की समस्याओं को समझती है और कई मौकों पर जनता की परेशानियों को लेकर संवेदनशील रवैया भी दिखाया है.
https://www.instagram.com/reels/Da0F97xoFWM/
उन्होंने उम्मीद जताई कि कहीं न कहीं कुछ गलतफहमियां हो सकती हैं, जिनकी वजह से बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही है.
लोगों से भी की समर्थन की अपील
अतुल कुलकर्णी ने आम लोगों से भी अपील की कि अगर वे सोनम वांगचुक की मांगों और उनकी चिंताओं से सहमत हैं तो इस अभियान का हिस्सा बनें. उन्होंने लोगों से एक दिन का उपवास रखने और इस संदेश को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की अपील की.
अपने संदेश में अतुल कुलकर्णी ने कहा कि किसी समझदार व्यक्ति ने कहा था कि दर्द का दर्द से रिश्ता होना जरूरी है. उन्होंने इसी भावना के साथ लोगों से एकजुट होने की अपील की.