बंटी यादव हत्याकांड में बड़ा अपडेट, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी रवीश घायल, पैर में लगी गोली

पटना में पुलिस और कुख्यात अपराधी रवीश उर्फ बसिया के बीच हुई मुठभेड़, फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल। बंटी यादव अपहरण और हत्या मामले में पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

Knews Desk- पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले का मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बसिया पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। यह मुठभेड़ गुरुवार को बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में एलएनटी से पूरब बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर हुई।

पुलिस के मुताबिक, रवीश के पटना पहुंचने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया।

पुलिस की गाड़ी पर भी लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान अपराधी की ओर से की गई फायरिंग में कोतवाली थाना की सरकारी गाड़ी के बोनट पर भी गोली लगी। हालांकि वाहन में मौजूद थाना प्रभारी समेत सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू में कर लिया।

पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा और आरोपी की चप्पल बरामद की है। रवीश पर पटना के अलग-अलग थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

बंटी यादव हत्याकांड में कई दिनों से चल रही थी तलाश

बंटी यादव अपहरण और हत्या मामले के बाद से रवीश फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। मुठभेड़ के बाद अब उससे पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लापरवाही के आरोप में चार पुलिसकर्मी निलंबित

वहीं, बंटी यादव अपहरण मामले में पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवालों के बीच विभाग ने भी कार्रवाई की है। जांच के आधार पर चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में एएसआई प्रवीण कुमार पंकज, एएसआई अवधेश कुमार, एएसआई वीर बहादुर सिंह और गृह रक्षक सुदर्शन प्रसाद शामिल हैं। पटना सेंट्रल की एसपी ममता कल्याणी ने विभागीय जांच के बाद यह कार्रवाई की है।