Knews Desk- बिहार के खगड़िया जिले में ट्रेन के अंदर हुई विद्युतकर्मी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड के पीछे मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी की साजिश थी। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया है।
कटिहार रेल पुलिस ने 11 जून को जनसाधारण एक्सप्रेस में हुई हत्या के मामले का बुधवार (15 जुलाई 2026) को खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, मानसी रेल थाना क्षेत्र के बदलाघाट के पास ट्रेन में विद्युतकर्मी देव गुंजन कुमार को गोली मारी गई थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
पत्नी ने ही रची थी हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि देव गुंजन कुमार की हत्या की योजना उनकी पत्नी समिता ने बनाई थी। समिता सुपौल में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि उन्होंने अपने प्रेमी अजीत कुमार के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।
इस मामले में पुलिस ने समिता, उसके प्रेमी अजीत कुमार और शूटर राजू कुमार उर्फ धीरज को गिरफ्तार किया है। तीनों पर हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
मिलने जा रहे थे पत्नी से, रास्ते में मारी गई गोली
जानकारी के मुताबिक, देव गुंजन कुमार जमुई में विद्युत विभाग में कार्यरत थे। 11 जून को वह अपनी पत्नी समिता से मिलने के लिए सुपौल जा रहे थे। इसी दौरान जनसाधारण एक्सप्रेस में बदलाघाट के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
घटना के बाद बरौनी रेल अनुमंडल पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। लंबे समय तक चली जांच के बाद पुलिस ने मामले का पर्दाफाश किया।
प्रेमी ने कबूली वारदात में भूमिका
पुलिस के मुताबिक, समिता का प्रेमी अजीत कुमार भी विद्युत विभाग में कार्यरत है और जहानाबाद का रहने वाला है। पूछताछ में अजीत ने हत्या की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
उसने पुलिस को बताया कि देव गुंजन कुमार उनके रिश्ते में बाधा बन रहे थे, जिसके बाद समिता के साथ मिलकर उनकी हत्या की योजना बनाई गई। इसके बाद सुपारी देकर शूटर के जरिए ट्रेन में वारदात को अंजाम दिलाया गया।
हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।