KNEWS DESK- आजम खान को गाजियाबाद कोर्ट से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने समाजवादी पार्टी नेता आजम खान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्हें डासना जेल में रखा जाएगा। इस मामले में अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी। आजम खान को जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हिरासत में लिया था।
दरअसल, इलाहाबाद हाई कोर्ट आजम खान की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा है, जिसमें उन्होंने ईडी द्वारा अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है। 31 अक्टूबर को दोहरे पैन कार्ड मामले में जेल से रिहा होने के करीब 40 मिनट बाद ही आजम खान को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद 5 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने मामले को हाई कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया था। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने संकेत दिया है कि वह आजम खान को अंतरिम जमानत देने के पक्ष में है।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने आजम खान से चार दिन में करीब 80 सवाल पूछे थे। बताया गया है कि मामले की जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही ईडी चार्जशीट दाखिल कर सकती है। पूछताछ के दौरान ईडी को आजम खान से कोई खास बयान दर्ज करने में सफलता नहीं मिली।
ईडी जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में खर्च रकम और उसके स्रोत की जांच कर रही है। एजेंसी जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और 59 भवनों की 426.46 करोड़ रुपये की संपत्ति पहले ही अटैच कर चुकी है। इसके अलावा यूनिवर्सिटी को मिले चंदे की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बता दें कि आजम खान 31 अक्टूबर 2026 को करीब 11 महीने बाद रामपुर जिला जेल से बाहर आए थे। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दो पैन कार्ड मामले में उनकी 10 साल की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत दी थी। जेल से बाहर आते ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उन्हें डासना जेल भेजा गया और फिर पूछताछ के लिए ईडी की कस्टडी में लिया गया।