अयोध्या की काजल महावर ने ITI में किया टॉप, PM मोदी करेंगे सम्मानित

KNEWS DESK- परिवार की विषम परिस्थितियों और आर्थिक तंगी के बावजूद अयोध्या की काजल महावर ने अपनी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) की परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल कर काजल ने परिवार और संस्थान के साथ रामनगरी का भी गौरव बढ़ाया है। अब उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित होने का अवसर मिलेगा।

21 नवंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राष्ट्रीय कौशल दीक्षा प्रशिक्षण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काजल महावर सहित देश के चुनिंदा 52 मेधावियों को सम्मानित करेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के छह मेधावी शामिल हैं, जिनमें काजल भी हैं।

आईटीआई के दो वर्षीय कोर्स में काजल ने 98.16 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्हें 1200 में से 1187 अंक मिले हैं। काजल मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने अयोध्या के नाका क्षेत्र स्थित मानस नगर कॉलोनी के प्रो. केके यादव आईटीआई से पेंटर ट्रेड में प्रशिक्षण लिया है। उनकी प्रारंभिक पढ़ाई अलवर में हुई, जबकि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई कला वर्ग से पूरी की।

काजल के पिता मोतीलाल महावर अलवर में एक प्रतिष्ठान पर कपड़े की सिलाई करते हैं, जबकि उनकी मां जमुना देवी गृहिणी हैं। सिलाई से होने वाली आय ही परिवार के जीविकोपार्जन का मुख्य साधन है। काजल के दो भाई हैं। बड़े भाई राम अवतार पढ़ाई के साथ अन्य कार्य करते हैं, जबकि छोटे भाई मोनू महावर पिता के साथ सिलाई में सहयोग करते हैं।

काजल ने रेलवे में नौकरी का लक्ष्य तय किया है और इसकी तैयारी कर रही हैं। उनके साथ लखनऊ में सम्मानित होने वाले उत्तर प्रदेश के अन्य मेधावियों में देवरिया के नीतेश चौरसिया तथा राजकीय आईटीआई लखनऊ के अब्दुल मोबिन, शहबाज खान, प्राची विश्वकर्मा और प्रतिभा शामिल हैं। सभी ने अलग-अलग ट्रेड में उपलब्धि हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *