DU UG Admission 2026: कल आएगी पहली मेरिट लिस्ट, 18 जुलाई तक सीट एक्सेप्ट करना होगा

Knews Desk- दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में अंडरग्रेजुएट (UG) एडमिशन 2026 का सबसे अहम चरण शुरू होने जा रहा है। विश्वविद्यालय 16 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे पहली सीट आवंटन सूची (First Allocation List) जारी करेगा। इस सूची के आधार पर जिन उम्मीदवारों को सीट आवंटित होगी, वे 18 जुलाई रात 11:59 बजे तक अपनी सीट स्वीकार (Seat Accept) कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित कॉलेज दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे और निर्धारित समय सीमा के भीतर फीस जमा कराने पर दाखिला प्रक्रिया पूरी होगी।

डीयू ने यूजी एडमिशन के पहले दो चरण सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। इन चरणों में उम्मीदवारों ने कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) के तहत रजिस्ट्रेशन किया, अपने पसंदीदा कोर्स और कॉलेज का चयन किया तथा उनकी प्राथमिकता (Preference) तय की। अब तीसरे चरण में इन्हीं प्राथमिकताओं और उपलब्ध सीटों के आधार पर पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी।पहली सूची में चयनित उम्मीदवारों को 16 जुलाई शाम 5 बजे से 18 जुलाई रात 11:59 बजे तक सीट स्वीकार करनी होगी। इसके बाद कॉलेज 20 जुलाई शाम 4:59 बजे तक उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे और प्रवेश को मंजूरी देंगे। जिन छात्रों का एडमिशन स्वीकृत हो जाएगा, उन्हें 21 जुलाई रात 11:59 बजे तक निर्धारित फीस का भुगतान करना होगा। समय सीमा के भीतर फीस जमा नहीं करने पर प्रवेश रद्द माना जा सकता है।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पहली सूची में सीट मिलने के बाद उसे स्वीकार करना अनिवार्य है। यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित समय के भीतर सीट स्वीकार नहीं करता, तो वह मौजूदा आवंटन खो देगा और प्रवेश प्रक्रिया से बाहर हो सकता है। इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि सीट मिलने के बाद तय समय में आवश्यक कार्रवाई जरूर करें।सीट स्वीकार करने के बाद छात्रों के पास Freeze और Upgrade का विकल्प भी रहेगा। यदि किसी छात्र को आवंटित कॉलेज और कोर्स से संतुष्टि है, तो वह Freeze विकल्प चुन सकता है। ऐसा करने पर उसका दाखिला उसी कॉलेज और कोर्स में पक्का हो जाएगा और वह अगले राउंड की काउंसलिंग में शामिल नहीं होगा।

वहीं, जिन छात्रों को पहली सूची में पसंद का कॉलेज या कोर्स नहीं मिलता, वे Upgrade विकल्प चुन सकते हैं। इस विकल्प के जरिए छात्र अपनी वर्तमान सीट सुरक्षित रखते हुए अगले राउंड में बेहतर प्राथमिकता वाले कॉलेज या कोर्स के लिए पात्र बने रहते हैं। यदि दूसरे राउंड में उन्हें उनकी उच्च प्राथमिकता वाला विकल्प मिलता है, तो नई सीट आवंटित कर दी जाएगी।डीयू एडमिशन एक्सपर्ट और पीजीडीएवी कॉलेज (सांध्य) के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर रवींद्र गुप्ता का कहना है कि छात्रों को कॉलेज की बजाय अपने पसंदीदा और करियर के लिहाज से बेहतर कोर्स को प्राथमिकता देनी चाहिए। उनके अनुसार, दिल्ली विश्वविद्यालय के अधिकांश कॉलेजों में शिक्षा का स्तर अच्छा है, इसलिए सही विषय का चयन भविष्य के लिए अधिक महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

पहले राउंड के बाद विश्वविद्यालय 25 जुलाई को दोपहर 12 बजे दूसरी सीट आवंटन सूची जारी करेगा। दूसरी सूची में चयनित उम्मीदवार 26 जुलाई तक सीट स्वीकार कर सकेंगे, जबकि फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 28 जुलाई निर्धारित की गई है। ऐसे में जिन छात्रों को पहले राउंड में मनचाहा विकल्प नहीं मिलता, उनके पास दूसरे राउंड में बेहतर अवसर हासिल करने का मौका रहेगा। इसलिए सभी उम्मीदवारों को आधिकारिक शेड्यूल का पालन करते हुए समय पर सीट स्वीकार करने, दस्तावेज सत्यापित कराने और फीस जमा करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *