Knews Desk– फीफा वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। कनसास सिटी स्टेडियम में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया। खास बात यह रही कि टीम के कप्तान लियोनेल मेसी इस मैच में गोल नहीं कर सके, लेकिन उनके शानदार असिस्ट और नेतृत्व ने अर्जेंटीना की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ अर्जेंटीना अब 15 जुलाई को सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा।
मैच की शुरुआत से ही अर्जेंटीना ने आक्रामक खेल दिखाया। मुकाबले के 10वें मिनट में एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इस गोल में लियोनेल मेसी का बेहतरीन असिस्ट रहा, जो उनके फीफा वर्ल्ड कप करियर का 10वां असिस्ट भी बना। इसी के साथ मेसी ने वर्ल्ड कप इतिहास में एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। पहले हाफ तक अर्जेंटीना ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी और स्विट्जरलैंड को ज्यादा मौके नहीं दिए।दूसरे हाफ में स्विट्जरलैंड ने शानदार वापसी की। डैन नडोए ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया, जिससे मुकाबला और रोमांचक हो गया। हालांकि 72वें मिनट में स्विस टीम को बड़ा झटका लगा, जब उसके एक खिलाड़ी को रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद स्विट्जरलैंड को बाकी मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने शानदार जुझारूपन दिखाया और निर्धारित 90 मिनट तक अर्जेंटीना को दूसरा गोल करने से रोक दिया। नतीजतन मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ और एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच गया।
एक्स्ट्रा टाइम के पहले हिस्से में भी दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन दूसरे अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना ने अपना अनुभव दिखाया। 112वें मिनट में जूलियन अल्वारेज ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई। इसके बाद मैच खत्म होने से ठीक पहले लाउतारो मार्टिनेज ने तीसरा गोल दागकर अर्जेंटीना की जीत पर मुहर लगा दी। इस तरह अर्जेंटीना ने 3-1 से मुकाबला जीतकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।अब फुटबॉल प्रेमियों की नजरें 15 जुलाई को होने वाले अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबले पर होंगी। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेगा, जबकि इंग्लैंड लंबे इंतजार के बाद विश्व कप जीतने के अपने सपने को साकार करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।