मंडी में 150 फीट ऊपर हाईटेंशन तारों में फंसा पैराग्लाइडर, सुरक्षित रेस्क्यू के लिए ऑपरेशन जारी

हिमाचल प्रदेश के मंडी में पैराग्लाइडिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मंडी-पठानकोट हाईवे पर एक पैराग्लाइडर पायलट करीब 150 फीट की ऊंचाई पर हाईटेंशन बिजली के तारों में फंस गया। हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और पायलट को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

Knews Desk – जानकारी के मुताबिक, पायलट पैराग्लाइडिंग कर रहा था। इसी दौरान किसी वजह से उसका पैराग्लाइडर बिजली की हाईटेंशन तारों में उलझ गया। देखते ही देखते पायलट जमीन से करीब 150 फीट ऊपर हवा में लटक गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी।

पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल पायलट को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रहा है। हालांकि इतनी अधिक ऊंचाई और हाईटेंशन तारों के बीच फंसे होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

बिजली की तारों के संपर्क में आने के खतरे को देखते हुए बचाव दल बेहद सावधानी के साथ कार्रवाई कर रहा है।

रेस्क्यू टीम ने संभावित स्थिति से निपटने के लिए जमीन पर भी सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पायलट के नीचे गिरने की आशंका को देखते हुए घटनास्थल पर मोटे गद्दे, जाल और तिरपाल बिछाए गए हैं।

हालांकि बचाव दल की पहली कोशिश पायलट को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतारने की है।

फिलहाल पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। पायलट को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *