टीवी की तेज आवाज को लेकर इंदौर में दो पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक पैरालिसिस मरीज की जान चली गई। आरोप है कि विवाद के दौरान पड़ोसी ने धक्का दिया, जिससे संदीप वर्मा का सिर दीवार से टकरा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
Knews Desk – मामला इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान संदीप वर्मा के रूप में हुई है, जो पैरालिसिस की बीमारी से पीड़ित थे।
प्राथमिक जांच के अनुसार, सोमवार देर शाम पड़ोसी अनिल वर्मा के घर में तेज आवाज में टीवी चल रही थी। इससे संदीप वर्मा को परेशानी हो रही थी। उनके घर में बच्चे भी पढ़ाई कर रहे थे, जिन्हें टीवी की तेज आवाज से दिक्कत हो रही थी। इसी बात को लेकर संदीप ने पड़ोसी अनिल वर्मा से टीवी की आवाज कम करने को कहा।
टीवी की आवाज को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान अनिल वर्मा ने संदीप वर्मा को धक्का दे दिया।
धक्का लगने से संदीप का सिर दीवार से टकरा गया। इसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद सेंट्रल कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी पड़ोसी अनिल वर्मा एवं अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन किया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
एडीसीपी इंदौर राजेश दंडोतिया के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस विवाद की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।