KNEWS DESK – रणवीर सिंह और फिल्म निर्देशक आदित्य धर के बीच फिल्म ‘धुरंधर’ की शूटिंग के दौरान एक गहरा और खास रिश्ता बन गया। अब इसी खास बॉन्ड की झलक एक बार फिर देखने को मिली है, जब रणवीर सिंह के जन्मदिन के मौके पर आदित्य धर ने एक भावुक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट के साथ उन्होंने शूटिंग के दौरान की कई अनदेखी तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें दोनों को सेट पर हल्के-फुल्के और चिल मोड में देखा जा सकता है।
आदित्य धर ने अपनी पोस्ट में खुलकर बताया कि ‘धुरंधर’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके लिए एक भावनात्मक अनुभव रहा है। उन्होंने लिखा कि इस फिल्म ने उन्हें रणवीर के अंदर के कलाकार को करीब से देखने का मौका दिया, जिससे उनका सम्मान और भी बढ़ गया।
अपने लंबे नोट में आदित्य धर ने लिखा, “हैप्पी बर्थडे रणवीर सिंह। कुछ फिल्में हमेशा आपके साथ रह जाती हैं और ‘धुरंधर’ मेरे लिए उन्हीं में से एक है। इस फिल्म ने मुझे सिर्फ एक बेहतरीन एक्टर नहीं, बल्कि एक ऐसे इंसान से भी मिलवाया जो हर सीन में पूरी ईमानदारी से खुद को झोंक देता है।”
https://www.instagram.com/p/DacY28SF5Ce/
उन्होंने आगे कई सीन का जिक्र करते हुए रणवीर की मेहनत की तारीफ की। आदित्य ने कहा कि 26/11 सीक्वेंस हो, चाय की दुकान वाला सीन या कोर्ट के बाहर का इमोशनल मोमेंट—हर जगह रणवीर ने किसी भी आसान रास्ते को नहीं चुना। उनके मुताबिक, हर फ्रेम में सच्चाई, हर नजर में मकसद और हर सीन में एक अलग गहराई देखने को मिली।
आदित्य धर ने यहां तक कहा कि कई बार उन्हें ऐसा लगा जैसे रणवीर की परफॉर्मेंस किसी “दैवीय आशीर्वाद” से प्रेरित हो। उन्होंने लिखा कि एक डायरेक्टर के तौर पर ऐसे पल मिलना दुर्लभ होता है, जो जिंदगीभर याद रहते हैं, और रणवीर ने उन्हें ऐसे कई पल दिए हैं।
‘धुरंधर’ की बात करें तो यह फिल्म अपने भव्य पैमाने और दमदार कहानी के चलते काफी चर्चा में रही है। फिल्म के दोनों पार्ट्स को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले भाग ने जहां 1305.76 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया, वहीं दूसरे भाग ने 1813.39 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की।