बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की 3 सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, जानें वोटिंग की तारीख

KNEWS DESK – भारत निर्वाचन आयोग ने तीन राज्यों बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। आयोग के मुताबिक इन सीटों पर मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी।

इन तीन सीटों पर होगा उपचुनाव

चुनाव आयोग ने बताया कि यह उपचुनाव बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर कराया जाएगा। इन सीटों के खाली होने के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई है और तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

चुनावी प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू

आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, उपचुनाव की प्रक्रिया 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी। इसके बाद उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 16 जुलाई तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा और 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

क्यों खाली हुईं सीटें?

बिहार की बांकीपुर सीट बीजेपी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई। मध्य प्रदेश की दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के अयोग्य घोषित होने के कारण रिक्त हुई। वहीं गुजरात की मंजलपुर सीट बीजेपी विधायक योगेशभाई नारायणभाई पटेल के निधन के बाद खाली हो गई।

आचार संहिता लागू, चुनाव आयोग सख्त

चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। इसके तहत सरकार और राजनीतिक दलों पर नई घोषणाएं करने और मतदाताओं को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी।

चुनाव आयोग ने कहा है कि सभी मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के साथ VVPAT मशीन का उपयोग किया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *