Knews Desk- पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने कार्रवाई की है। बुधवार को ED की टीम ने मोगा स्थित उनके आवास पर छापा मारा। अधिकारियों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी मौजूद रहे। टीम मोगा-लुधियाना रोड स्थित विधायक के आवास और फ्लैटों पर तलाशी ले रही है। इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।जानकारी के मुताबिक, ED की टीम बुधवार तड़के विधायक के आवास पर पहुंची थी। उस समय अमनदीप कौर अरोड़ा घर पर ही मौजूद थीं। अधिकारियों की ओर से उनसे पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कार्रवाई वाले इलाके में आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। मीडिया सहित बाहरी लोगों को भी छापेमारी वाली जगह के पास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
हालांकि, ED की इस कार्रवाई के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। सूत्रों के हवाले से मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े किसी मामले की आशंका जताई जा रही है, लेकिन एजेंसी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में छापेमारी के कारण और मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा मोगा विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी की मौजूदा विधायक हैं। इसके अलावा वह पंजाब में पार्टी की महिला विंग की अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पहली बार जीत दर्ज की थी। उनकी जीत के साथ मोगा विधानसभा सीट पहली बार आम आदमी पार्टी के खाते में आई थी।
2022 के विधानसभा चुनाव में अमनदीप कौर अरोड़ा को कुल 59,149 वोट मिले थे। उन्होंने 41.01 प्रतिशत वोट शेयर के साथ कांग्रेस उम्मीदवार मालविका सूद को 20,915 वोटों के अंतर से हराया था। मालविका सूद को कुल 38,234 वोट मिले थे। वहीं, शिरोमणि अकाली दल (SAD) के उम्मीदवार बरजिंदर सिंह बराड़ तीसरे और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी हरजोत कमल सिंह चौथे स्थान पर रहे थे।आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने अमनदीप कौर अरोड़ा पर एक बार फिर भरोसा जताया है। पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जारी अपनी पहली सूची में उन्हें मोगा से दोबारा उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में उनकी उम्मीदवारी के ऐलान के कुछ ही दिनों बाद ED की यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गई है।
इससे पहले पंजाब में ED ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के होशियारपुर स्थित आवास पर भी छापेमारी की थी। जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर को सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई यह कार्रवाई मंगलवार तक जारी रही। सुंदर शाम अरोड़ा पर भ्रष्टाचार और घोटालों से जुड़े आरोप लगे हैं। पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने एक अधिकारी को रिश्वत देने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार भी किया था।फिलहाल, अमनदीप कौर अरोड़ा के आवास पर ED की कार्रवाई को लेकर एजेंसी की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। छापेमारी के पीछे का कारण और जांच से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।