कानपुर में नाबालिग ने पिता की XUV से साइकिल सवारों को कुचला, एक की मौत

कानपुर के कोहना थाना क्षेत्र में गंगा बैराज के पास तेज रफ्तार XUV की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। आरोप है कि हादसे के वक्त XUV को नाबालिग चला रहा था। स्थानीय लोगों ने कार को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद नाबालिग को थाने से जमानत मिल गई।

Knews Desk- कानपुर के कोहना थाना क्षेत्र में गंगा बैराज के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार XUV अनियंत्रित होकर उन्नाव से आ रहे दो साइकिल सवारों से टकरा गई। हादसे में रामनरेश की मौत हो गई, जबकि मुन्नीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि XUV चमनगंज निवासी साबिर के नाम है और हादसे के वक्त उनका नाबालिग बेटा कार चला रहा था। नाबालिग के साथ कार में उसके दो-तीन साथी भी मौजूद थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद कार सवारों ने मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उन्हें रोक लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

मौके पर मौजूद लोगों ने पूछताछ की तो नाबालिग ने खुद कार चलाने और दोस्तों के साथ होने की बात कही। हादसे में रामनरेश की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घायल मुन्नीलाल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद कुछ घंटों में नाबालिग को जमानत

एडीसीपी डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और एक घायल है। कार को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामला नाबालिग से जुड़ा है और सात साल से कम सजा वाले प्रावधान के तहत कानून के अनुसार नाबालिग को कुछ घंटों में ही थाने से जमानत दे दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक रामनरेश के शरीर में गंभीर चोटें आई थीं। रिपोर्ट में 18 पसलियां टूटने और आंतरिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, दूसरे घायल मुन्नीलाल की हालत स्थिर बताई गई है।

नाबालिग चालक पर उठे सवाल, पुलिस ने दिया नोटिस

पुलिस के अनुसार, नाबालिग चालक को नोटिस देकर छोड़ा गया है। उसकी उम्र की पुष्टि के लिए स्कूल के प्रिंसिपल के बयान और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया है कि यदि चालक के पास लाइसेंस नहीं पाया जाता है तो उसके पिता को भी आरोपी बनाया जाएगा और जांच के आधार पर मामले में अन्य धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।

कानपुर में लग्जरी कारों से हुए हादसों को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं। इसी महीने छोटी दीपावली पर बालू ठेकेदार गुड्डू सचान की बेटी गीत की थार से बीमा एजेंट संतोष सिंह की मौत का मामला सामने आया था। उस मामले में भी कुछ घंटों में जमानत मिलने की बात सामने आई थी। इससे पहले ग्वालटोली में तंबाकू कारोबारी के बेटे शुभम की लैंबॉर्गिनी से तीन लोगों को टक्कर मारने का मामला भी चर्चा में रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *