कंफर्म टिकट लेकर ट्रेन में चढ़ा यात्री, कोच में गायब थी उसकी 54 नंबर सीट!

Knews Desk– वाराणसी से गोरखपुर जा रहे एक यात्री के साथ रेलवे का अजीब मामला सामने आया है। यात्री के कंफर्म टिकट पर A1 कोच की 54 नंबर साइड अपर बर्थ दर्ज थी, लेकिन कोच में पहुंचने के बाद उसे पता चला कि वहां कुल 52 बर्थ ही हैं। इसके बाद यात्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर रेलवे से सवाल पूछा।

कंफर्म टिकट लेकर ट्रेन में पहुंचा यात्री

वाराणसी के ईशान बाजपेयी ने ट्रेन नंबर 15132 BCY NPR एक्सप्रेस से वाराणसी सिटी से गोरखपुर जाने के लिए टिकट बुक किया था। उनका टिकट कंफर्म था और उस पर CNF/A1/54/SU लिखा था। इसका मतलब था कि A1 कोच में 54 नंबर की साइड अपर बर्थ उन्हें अलॉट की गई थी।

ईशान रात करीब 10:45 बजे ट्रेन में सवार हुए। कोच में पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी बर्थ तलाशनी शुरू की, लेकिन काफी खोजने के बावजूद 54 नंबर की बर्थ नहीं मिली।

कोच में थीं सिर्फ 52 बर्थ

यात्री के मुताबिक, उन्होंने पूरा A1 कोच देख लिया, लेकिन वहां 54 नंबर की कोई बर्थ नहीं थी। इसके बजाय कोच में कुल 52 बर्थ ही मौजूद थीं। इस स्थिति से परेशान ईशान ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया और रेलवे से सवाल किया कि जब टिकट पर 54 नंबर की बर्थ कंफर्म है, तो वह मिलेगी कहां।

उन्होंने रेलवे की हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी शिकायत दर्ज कराई।

रेलवे सेवा ने दिया जवाब

शिकायत के बाद Railway Seva की ओर से जवाब दिया गया। रेलवे ने बताया कि शिकायत को संबंधित विभाग तक भेज दिया गया है। साथ ही यात्री को TTE से संपर्क करने की सलाह दी गई और कहा गया कि TTE के पास सही सीट मैपिंग की जानकारी होगी।

हालांकि, अब तक रेलवे की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि 52 बर्थ वाले कोच में यात्री को 54 नंबर की सीट किस तरह अलॉट हुई। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर लोग रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *