महिला के बाल काटे, कपड़े फाड़े, जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया; संपत्ति विवाद में उज्जैन में 11 पर केस

Knews Desk- उज्जैन जिले के झारड़ा क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक महिला के साथ कथित मारपीट और अपमानजनक व्यवहार का मामला सामने आया है. पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में संपत्ति विवाद से जुड़ा एक बेहद शर्मनाक और मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. झारड़ा थाना क्षेत्र के अरनिया वेणा गांव में एक विवाहित महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट, अपमानजनक व्यवहार और सार्वजनिक उत्पीड़न की घटना हुई. आरोप है कि महिला जब अपने पति के परिवार से संपत्ति में हिस्सा मांगने ससुराल पहुंची तो गुस्साए परिजनों और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की, बाल काट दिए और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है. पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. 

संपत्ति विवाद ने लिया हिंसक रूप

घटना उज्जैन से करीब 50 किलोमीटर दूर झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया वेणा की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला का प्रेम प्रसंग के बाद विवाह हुआ था. विवाह के बाद से परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. महिला अपने पति के साथ इंदौर में रह रही थी, लेकिन हाल ही में जमीन में हिस्सा मांगने के लिए वह गांव पहुंची थी. यहीं से विवाद ने गंभीर रूप ले लिया.

घर में घुसकर मारपीट का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 30 जून की सुबह वह घर में मौजूद थी. इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए. महिला का आरोप है कि आरोपियों ने बाल पकड़कर उसे घर से बाहर घसीटा और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की. विरोध करने पर महिलाओं समेत अन्य लोगों ने उसे जमीन पर घसीटा और गाली-गलौज की.

बाल काटे, कपड़े फाड़े और पहनाई जूतों की माला

पीड़िता के अनुसार मारपीट के दौरान उसके सिर के बाल काट दिए गए. आरोप है कि उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए और उसे अपमानित करने के लिए जूतों की माला पहनाई गई. इसके बाद उसे गांव में घुमाया गया. घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया, जो बाद में सामने आया और चर्चा का विषय बन गया.

एसडीओपी बोले- पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला

एसडीओपी ज़ेंडेन लिंगज़ेरपा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति, सास-ससुर, रिश्तेदारों और अन्य ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना

महिला के साथ कथित तौर पर हुए इस दुर्व्यवहार ने पूरे क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है. पुलिस अब वीडियो फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *