Knews Desk- नोएडा के सेक्टर 100 स्थित VIP सोसाइटी लोटस एस्पेशिया में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 46 वर्षीय महिला ने 18वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सोसाइटी में सन्नाटा छा गया। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर 39 पुलिस, फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान पारुल अग्रवाल के रूप में हुई है, जो अपने पति और परिवार के साथ पर्ल टावर-32 के फ्लैट नंबर 1803 में रह रही थीं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे जब परिवार के अन्य सदस्य अपने काम में व्यस्त थे, उसी दौरान पारुल ने बालकनी से छलांग लगा दी। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका लंबे समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। पति पल्लव अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी की मानसिक स्थिति को लेकर पहले से चिंतित थे। घटना के समय वह अपनी बेटी के साथ घर से बाहर गए हुए थे।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल परिजनों के बयान के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकाला जाएगा और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय फ्लैट में कौन मौजूद था और परिस्थितियां क्या थीं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी डीपी शुक्ल के अनुसार, अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और न ही किसी पर संदेह जताया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों पर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।