केतन अग्रवाल मर्डर केस: कैब ड्राइवर के खुलासे से नया मोड़, कोर्ट में अहम सुनवाई आज

Knews Desk- पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक बार फिर नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी की आज वडगांव मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी होनी है, जहां उनकी पुलिस रिमांड बढ़ाने पर फैसला लिया जा सकता है। इसी बीच एक कैब ड्राइवर के सनसनीखेज खुलासे ने केस को और जटिल बना दिया है।

कैब ड्राइवर वैभव जाधव ने दावा किया है कि घटना के दिन सिया गोयल बाली जाने के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी और उसे कार में बैठाने के लिए जबरदस्ती करनी पड़ी थी। उन्होंने बताया कि सिया, केतन अग्रवाल और उसके परिवार के सदस्य पुणे से मुंबई एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में सिया और उसके भाई साहिल गोयल के बीच तीखी बहस भी हुई थी। ड्राइवर के अनुसार, यात्रा के दौरान रावेत और मुंबई एक्सप्रेसवे के बीच एक फूड कोर्ट पर सभी लोग रुके थे, जहां सिया ने चुपके से कार के पास जाकर केतन का पासपोर्ट निकाल लिया था। आरोप है कि उसने यह कदम इसलिए उठाया ताकि बाली की यात्रा प्रभावित हो और फ्लाइट रद्द हो जाए।

एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सभी यात्रियों को छोड़ने के बाद यह मामला सामने आया, जब पता चला कि केतन का पासपोर्ट गायब है। बाद में जांच में सामने आया कि पासपोर्ट उसी कार से चोरी हुआ था जिसमें सिया और केतन यात्रा कर रहे थे। इधर पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 18 जून को केतन की मौत से पहले सिया और चेतन के बीच लगातार संपर्क था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को लोहागढ़ किले की चोटी से धक्का देकर मौत के घाट उतारा। हालांकि, दोनों आरोपी अब एक-दूसरे पर आरोप मढ़कर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने कुछ अहम बातें स्वीकार की हैं, लेकिन अभी भी कई पहलुओं पर जांच जारी है। सिया के भाई साहिल गोयल से भी पुलिस ने लंबी पूछताछ की है। आज की कोर्ट सुनवाई इस हाई-प्रोफाइल मामले में बेहद अहम मानी जा रही है, जहां पुलिस आगे की रिमांड और जांच के लिए मजबूत आधार पेश कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *