Knews Desk- भोपाल में ट्वीशा शर्मा हत्याकांड की आरोपी पूर्व जज गिरिबाला सिंह के घर चोरी की वारदात सामने आने से सनसनी फैल गई है। यह घटना देर रात उस समय हुई जब तीन नकाबपोश बदमाश अचानक घर में घुस आए और उन्होंने जेवरात व अहम दस्तावेज पर हाथ साफ करने की कोशिश की।

बदमाशों ने घर में घुसते ही तेजी से कीमती सामान समेटना शुरू कर दिया और उसे लेकर फरार होने की योजना बनाई। इसी दौरान किसी तरह घर के भीतर हलचल होने की सूचना पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही हालात तनावपूर्ण हो गए और बदमाशों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान उनकी पुलिसकर्मियों से हाथापाई भी हुई। हालांकि, जल्दबाजी में बदमाश चोरी का कुछ सामान मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार होने में सफल रहे।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल देखा गया। पुलिस ने तुरंत पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम देने आए थे और उन्हें घर की गतिविधियों की जानकारी भी थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।