Knews Desk- दिल्ली पुलिस को कश्मीरी गेट ISBT इलाके में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो पिछले करीब 21 सालों से एक ही तरीके से यात्रियों को लूट रहा था। आरोपी यात्रियों से पहले दोस्ती करता, फिर उन्हें नशीली फ्रूटी पिलाकर बेहोश कर देता और मौका मिलते ही उनका कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिलिप उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह खासकर बस अड्डों पर दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों को निशाना बनाता था। वह पहले बातचीत कर भरोसा जीतता था और फिर उन्हें खाने-पीने की चीजों में नशीली दवाएं मिलाकर ऑफर करता था। फ्रूटी पीने के कुछ ही देर बाद यात्री बेहोश हो जाते थे, जिसके बाद आरोपी उनके पर्स, मोबाइल, घड़ी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस ने इस मामले में CCTV फुटेज और फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) की मदद से आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया। उसके पास से 4 फ्रूटी टेट्रा पैक, 30 लोराजेपाम टैबलेट, चोरी का पर्स, एक घड़ी और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले दो दशकों से इसी पैटर्न पर अपराध कर रहा था। उसके खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में पहले से भी ऐसे चार मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी बेहद चालाक तरीके से अपनी पहचान छुपाता था और लगातार जगह बदलकर वारदात को अंजाम देता था। बस अड्डों पर उसकी मौजूदगी यात्रियों के लिए खतरा बनी हुई थी, खासकर उन लोगों के लिए जो पहली बार दिल्ली आते थे। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क और उसके पुराने मामलों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी एक बड़ी कामयाबी है, जिससे लंबे समय से सक्रिय इस तरह के अपराध पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।