जयमाल से ठीक पहले उठी दूल्हे की अर्थी, बिहार के चंपारण में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बिना दुल्हन रोते-बिलखते लौटे बाराती

डिजिटल डेस्क- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक बेहद हृदयविदारक और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ एक तरफ शादी की रस्में चल रही थीं, शहनाइयों की गूंज थी और हर चेहरा खुशी से खिलखिला रहा था, वहीं पलक झपकते ही सारी खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं। जिले के सरिसवा बाजार इलाके में आई एक बारात में जयमाल की रस्म से ठीक पहले दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जयमाल की रस्म से ऐन पहले उठा असहनीय दर्द

मिली जानकारी के मुताबिक, सरिसवा बाजार स्थित भरवलिया (वार्ड संख्या-06) निवासी शक्तिनाथ शर्मा (25 वर्ष) की शादी रामगढ़वा निवासी संतोष शर्मा की पुत्री रघुनी कुमारी से तय हुई थी। यह रिश्ता काफी करीबी था, क्योंकि दुल्हन असल में दूल्हे के बड़े भाई की सगी साली थी। गुरुवार की रात राम-जानकी मंदिर में विवाह संपन्न होना था। बारात बड़े ही धूमधाम और गाजे-बाजे के साथ रामगढ़वा पहुंची थी। सब कुछ योजना के मुताबिक चल रहा था और जयमाल की रस्म शुरू होने ही वाली थी कि अचानक दूल्हे शक्तिनाथ के पेट में तेज दर्द उठा। दर्द इतना असहनीय था कि देखते ही देखते दूल्हा तड़पने लगा और उसकी हालत गंभीर हो गई।

अस्पताल में तोड़ा दम, आंसुओं के सैलाब के साथ लौटी बारात

दूल्हे की बिगड़ती हालत को देख शादी समारोह में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन और रिश्तेदार दूल्हे को लेकर रक्सौल स्थित एसआरपी अस्पताल भागे। डॉक्टरों ने तुरंत उसे एडमिट कर इलाज शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और इलाज के दौरान ही शक्तिनाथ ने दम तोड़ दिया। दूल्हे की मौत की खबर जैसे ही शादी के घर पहुंची, कोहराम मच गया। जिस मंडप से दुल्हन की डोली उठनी थी, वहां से बारात बिना दुल्हन के, आंसुओं के सैलाब के साथ वापस लौट गई।

पैतृक गांव में पसरा सन्नाटा, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल

शुक्रवार की सुबह जैसे ही मृतक दूल्हे का शव उसके पैतृक गांव भरवलिया पहुंचा, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। जिस बेटे को कुछ घंटों पहले सेहरा बांधकर बड़े चाव से दूल्हा बनाकर भेजा था, उसकी लाश देखकर माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार और गांव के सभी मांगलिक कार्यक्रम तुरंत रद्द कर दिए गए हैं। हर कोई इस बात से हैरान और दुखी है कि जो युवक कुछ घंटे पहले तक बिल्कुल ठीक था, वह अचानक मौत की आगोश में कैसे समा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *