KNEWS DESK- फेसबुक यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मेटा ने प्लेटफॉर्म पर कई नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स पेश किए हैं, जिनका उद्देश्य फेसबुक को एक स्मार्ट और इंटरैक्टिव एआई प्लेटफॉर्म में बदलना है। इन फीचर्स के जरिए अब यूजर्स को न सिर्फ जानकारी खोजने में आसानी होगी, बल्कि कंटेंट क्रिएशन और फोटो एडिटिंग का तरीका भी पूरी तरह बदल जाएगा।
AI मोड से बदलेगा फेसबुक पर सर्च करने का तरीका
Meta ने फेसबुक में नया AI मोड लॉन्च किया है, जो पारंपरिक सर्च इंजन की तरह केवल रिजल्ट दिखाने के बजाय एक स्मार्ट असिस्टेंट की तरह काम करेगा।
इस फीचर के जरिए यूजर्स सीधे अपना सवाल पूछ सकेंगे और AI फेसबुक पर मौजूद पब्लिक पोस्ट, ग्रुप्स और रील्स से जानकारी को समझकर उसका आसान सारांश तैयार करेगा।
इससे लोगों को लंबी पोस्ट या वीडियो स्क्रॉल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें तुरंत सटीक जानकारी मिल सकेगी। हालांकि, यह भी माना जा रहा है कि पब्लिक कंटेंट पर आधारित होने के कारण कभी-कभी पुरानी या गलत जानकारी मिलने की संभावना बनी रह सकती है।
कंटेंट क्रिएशन होगा आसान, मिलेंगे नए AI टूल्स
मेटा ने फेसबुक के क्रिएटिव टूल्स को भी अपग्रेड किया है। नए AI फीचर्स के जरिए अब फोटो और वीडियो को और ज्यादा आकर्षक बनाया जा सकेगा।
अब कैमरा रोल शेयरिंग के दौरान यूजर्स को कोलाज, कटआउट टेम्पलेट और ट्रांजिशन इफेक्ट्स जैसे विकल्प मिलेंगे। इनकी मदद से साधारण फोटो और वीडियो को आसानी से प्रोफेशनल मोंटाज में बदला जा सकेगा।
कंपनी ने साफ किया है कि ये सभी फीचर्स ऑप्ट-इन होंगे, यानी यूजर अपनी इच्छा के अनुसार इन्हें ऑन या ऑफ कर सकेंगे।
AI फोटो एडिटिंग से बदलेगा तस्वीरों का लुक
फेसबुक में नया AI फोटो प्रीसेट फीचर भी जोड़ा गया है, जिसकी मदद से यूजर्स अपनी तस्वीरों को डिजिटल तरीके से एडिट कर सकेंगे।
इस फीचर के जरिए कपड़े, हेयरस्टाइल और एक्सेसरीज तक को AI की मदद से बदला जा सकता है।
खासकर खेल प्रेमियों के लिए एक नया विकल्प भी जोड़ा गया है, जिसमें वे अपनी तस्वीरों में पसंदीदा टीम की जर्सी भी जोड़ सकते हैं। यह फीचर स्टोरीज में ‘Wear It’ विकल्प के तहत उपलब्ध होगा।
इसके अलावा प्रोफाइल फोटो को भी नए अंदाज में एडिट करने का विकल्प दिया जाएगा।
फेसबुक बन रहा AI आधारित स्मार्ट प्लेटफॉर्म
Meta पिछले कुछ समय से लगातार अपने सभी प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप में AI फीचर्स जोड़ रही है।
कंपनी ने पहले ही क्रिएटर्स के लिए AI असिस्टेंट, एनिमेटेड प्रोफाइल फोटो और मार्केटप्लेस में AI आधारित जवाब जैसे कई फीचर्स पेश किए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले समय में मेटा और भी एडवांस AI सब्सक्रिप्शन फीचर्स लॉन्च कर सकती है, जिससे यूजर्स को और ज्यादा पर्सनलाइज्ड अनुभव मिलेगा।