तेलंगाना में फूड पॉइजनिंग का कहर, पानी-पूरी खाने के बाद 20 से ज्यादा बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती

Knews Desk– तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला जिले के थंगल्लापल्ली मंडल के केसीआर नगर में फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। यहां 20 से ज्यादा बच्चे अचानक बीमार पड़ गए, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम बच्चों ने एक स्थानीय ठेले से पानी-पूरी (गुप-चुप) खाई थी। इसके बाद मंगलवार सुबह से ही कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चों को तेज पेट दर्द, दस्त और उल्टी की शिकायत होने लगी।

स्थिति बिगड़ते देख परिजन तुरंत बच्चों को जिला सरकारी अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम सभी बच्चों की हालत पर नजर रखे हुए है और उनका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह से ही बच्चों में लक्षण दिखने शुरू हो गए थे और शाम तक बीमार बच्चों की संख्या 20 के पार पहुंच गई। अचानक इतने बड़े पैमाने पर बच्चों के बीमार होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि बच्चों की तबीयत उस स्ट्रीट फूड खाने के बाद बिगड़ी, जिसे उन्होंने एक ठेले से खरीदा था। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है और फूड सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *