Knews Desk- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना की 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। सरकार ने साफ कर दिया है कि इस बार ₹2,000 की अगली किस्त जल्द ही लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, PM Kisan योजना की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की जाएगी। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए किसानों के खातों में यह राशि भेजेंगे।
इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिसे तीन बराबर किस्तों में ₹2,000-₹2,000 करके उनके बैंक खातों में भेजा जाता है। इस सहायता का उद्देश्य किसानों को बीज, खाद, कृषि उपकरण और अन्य आवश्यकताओं में मदद करना है। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी जानकारी PM Kisan पोर्टल पर सही तरीके से दर्ज है, जिनका बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक है और जिन्होंने अपनी e-KYC प्रक्रिया पूरी कर ली है।
यदि e-KYC पूरी नहीं की गई है तो अगली किस्त रोक दी जा सकती है। किसान इसे PM Kisan की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर ऑनलाइन OTP के जरिए पूरा कर सकते हैं। इसके अलावा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर बायोमेट्रिक e-KYC की सुविधा भी उपलब्ध है। मोबाइल ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन से भी e-KYC की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। किसान योजना की लाभार्थी सूची भी ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर जाकर Farmers Corner सेक्शन में Beneficiary List विकल्प चुनना होगा। इसके बाद राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव का चयन करके रिपोर्ट प्राप्त की जा सकती है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ मामलों में लाभार्थियों की जांच की जा रही है। जिन किसानों ने नियमों का पालन नहीं किया है या एक ही परिवार के एक से अधिक सदस्य योजना का लाभ ले रहे हैं, उनके नाम सूची से हटाए जा सकते हैं। इस तरह PM Kisan योजना की 23वीं किस्त किसानों के लिए जल्द ही बड़ी राहत लेकर आने वाली है, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि सभी पात्रता शर्तें पूरी हों।